India Beats Netherlands in Davis Cup Match: दक्षिणेश्वर सुरेश के शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारत ने रविवार को डेविस कप मुकाबले में नीदरलैंड को 3-2 से हराकर क्वालीफायर्स के दूसरे दौर में जगह बना ली। 25 वर्षीय दक्षिणेश्वर, जो सिर्फ दूसरी बार डेविस कप खेल रहे हैं, ने दोनों सिंगल्स मुकाबले और युकी भांबरी के साथ डबल्स मैच जीतकर भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई।
निर्णायक पांचवें मुकाबले में विश्व रैंकिंग में 465वें स्थान पर काबिज दक्षिणेश्वर ने नीदरलैंड्स के गाय डि ओडेन को 6-4, 7-6 से हराया। जीत के बाद वह कोर्ट पर लेट गए और साथी खिलाड़ियों ने उन्हें कंधों पर उठा लिया। उनके प्रदर्शन ने 2004 में जापान के खिलाफ लिएंडर पेस के ऐतिहासिक कारनामे की याद दिला दी, जब पेस ने अकेले दम पर भारत को जीत दिलाई थी। इससे पहले मुकाबला 2-2 से बराबरी पर पहुंच गया था।
सुमित नागल ने पहला सेट जीतने के बावजूद दुनिया के 88वें नंबर के खिलाड़ी जेस्पर डि जोंग से 7-5, 1-6, 4-6 से हार गए, जिससे पांचवां मैच निर्णायक बन गया। डबल्स
मुकाबले में दक्षिणेश्वर और युकी भांबरी की जोड़ी ने डेविड पेल और सैंडर एरेंड्स को 7-6, 3-6, 7-6 से हराकर भारत को 2-1 की बढ़त दिलाई थी। तीन घंटे तक चले इस रोमांचक मुकाबले में कप्तान रोहित राजपाल का एन. श्रीराम बालाजी की जगह दक्षिणेश्वर को उतारने का फैसला बिल्कुल सही साबित हुआ।
नीदरलैंड्स अपने शीर्ष खिलाड़ियों टालोन ग्रीकस्पूर और बोटिच वान डे जैंडशल्प के बिना उतरा था। 2019 में नए प्रारूप की शुरुआत के बाद यह पहली बार है जब भारत क्वालीफायर्स के दूसरे दौर में पहुंचा है। अगले चरण में भारत का सामना कोरिया से हो सकता है।






