Australian Open : दिग्गज अमेरिकी टेनिस खिलाड़ी और सात बार की ग्रैंड स्लैम चैंपियन वीनस विलियम्स पांच साल के अंतराल के बाद एक बार फिर ऑस्ट्रेलियाई ओपन में खेलती नजर आएंगी।
खास बात यह है कि 45 साल की वीनस इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाली अब तक की सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन जाएंगी।इस साल खेलकर वीनस जापान की किमिको दाते का रिकॉर्ड तोड़ देंगी, जो 2015 में 44 साल की उम्र में ऑस्ट्रेलियाई ओपन खेल चुकी थीं।
18 जनवरी से शुरू होने वाले साल के पहले ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट में वीनस को वाइल्ड कार्ड एंट्री दी गई है। टूर्नामेंट आयोजकों ने शुक्रवार को इसकी पुष्टि की। इसके साथ ही वीनस एक बार फिर मेलबर्न पार्क में वापसी करेंगी, जहां उन्होंने करीब 28 साल पहले पहली बार ऑस्ट्रेलियाई ओपन खेला था।
वीनस ने 1998 में अपने पहले ऑस्ट्रेलियाई ओपन में दूसरे दौर में अपनी छोटी बहन सेरेना विलियम्स को हराया था, लेकिन क्वार्टर फाइनल में उन्हें अमेरिकी खिलाड़ी लिंडसे डेवनपोर्ट से हार का सामना करना पड़ा था।
वीनस ने नवंबर में यह भी बताया था कि वह ऑस्ट्रेलियाई ओपन से पहले न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में होने वाले एक टूर्नामेंट में खेलेंगी, जहां उन्हें वाइल्ड कार्ड मिला है। इसके अलावा उन्होंने होबार्ट में होने वाले एक अन्य टूर्नामेंट के लिए भी नाम दर्ज कराया है।
वीनस ने आखिरी बार 2021 में ऑस्ट्रेलियाई ओपन खेला था। वह इस टूर्नामेंट में दो बार उपविजेता रह चुकी हैं। 2003 और 2017 के फाइनल में उन्हें अपनी बहन सेरेना से हार मिली थी।
वीनस ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया में खेलना उनके लिए हमेशा खास रहा है। वहां की कई यादें उनके करियर से जुड़ी हैं और वह एक बार फिर उसी जगह लौटकर बेहद खुश हैं।






