Allफुटबॉल

Champions League: हैरी केन ने बायर्न को पहुंचाया प्रीक्वार्टर फाइनल में, लिवरपूल और बार्सिलोना भी जीते

चेल्सी, यूवेंटस और एथलेटिक बिलबाओ ने भी दर्ज की जीत

Liverpool, Bayern Secure Last-16 Spots : यूरोपीय चैंपियंस लीग में बुधवार को बड़े क्लबों का दबदबा देखने को मिला। लिवरपूल ने मार्सेई को 3-0 से हराया, जबकि हैरी केन के दो गोल की बदौलत बायर्न म्यूनिख ने यूनियन सेंट-जिलोइज को 2-0 से मात देकर अंतिम-16 में जगह पक्की कर ली।

एलियांस एरिना में बायर्न म्यूनिख ने बेल्जियम चैंपियन यूनियन सेंट-जिलोइज को हराया। हैरी केन ने दूसरे हाफ की शुरुआत में हेडर से पहला गोल किया और 55वें मिनट में पेनल्टी को गोल में बदला। हालांकि किम मिन-जे को रेड कार्ड मिलने के बाद बायर्न 10 खिलाड़ियों के साथ खेली। केन एक और पेनल्टी चूक गए, लेकिन इस सीजन चैंपियंस लीग में उनके 7 मैचों में 7 गोल हो चुके हैं।

लिवरपूल का अनबीटन रन जारी : लिवरपूल ने कोच आर्ने स्लॉट के नेतृत्व में सभी प्रतियोगिताओं में अपने अजेय क्रम को 13 मैचों तक बढ़ाया। नवंबर में पीएसवी आइंडहोवन से 4-1 की हार के बाद से टीम अजेय है। अफ्रीका कप से लौटे मोहम्मद सलाह इस मैच में गोल नहीं कर सके, लेकिन डोमिनिक स्जोबोस्जलाई ने हाफटाइम से ठीक पहले शानदार फ्री-किक से बढ़त दिलाई। एक और इंग्लिश क्लब चेल्सी ने स्टैमफोर्ड ब्रिज में साइप्रस की पाफोस टीम को 1-0 से हराया, जहां मोइसेस कैइसेडो ने 78वें मिनट में निर्णायक हेडर लगाया। अन्य मुकाबलों में न्यूकैसल यूनाइटेड ने पीएसवी को 3-0 से हराया। योआने विस्सा, एंथनी गॉर्डन और हार्वे बार्न्स ने गोल किए।

बार्सिलोना ने स्लाविया प्राग के खिलाफ 4-2 से जीत दर्ज की। फर्मिन लोपेज़ ने दो गोल किए, जबकि डैनी ओल्मो और रॉबर्ट लेवांडोव्स्की ने भी स्कोरशीट में नाम दर्ज कराया। एटलेटिको मैड्रिड ने गैलाटासारे के साथ 1-1 से ड्रॉ खेला। अटलांटा को एथलेटिक बिलबाओ से 3-2 की हार झेलनी पड़ी, जिससे उनकी टॉप-8 में जगह बनाने की उम्मीदों को झटका लगा।

युवेंटस ने बेनफिका को 2-0 से हराकर लगातार तीसरी यूरोपीय जीत दर्ज की। खैफ्रेन थुराम और वेस्टन मैकेनी ने गोल किए अजरबैजान की कराबाख टीम ने आइंट्राख्ट फ्रैंकफर्ट को 3-2 से हराकर प्ले-ऑफ की ओर मजबूत कदम बढ़ाया।

अब लीग चरण का आखिरी दौर 28 जनवरी को खेला जाएगा, जिसमें सभी 18 मुकाबले एक साथ होंगे और अंतिम-16 की तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी।

Related Articles

Back to top button