Champions League Football : उरुग्वे के मिडफील्ड खिलाड़ी फ्रेडिरिको वाल्वरडे के शानदार प्रदर्शन की बदौलत रीयल मैड्रिड ने मैनचेस्टर सिटी को यूरोपीय क्लब फुटबॉल की सबसे प्रतिष्ठित प्रतियोगिता चैंपियंस लीग के अंतिम सोलह चरण के पहले मुकाबले में 3-0 से हराकर अगले दौर की दिशा में मजबूत कदम बढ़ा दिया। यह मुकाबला मैड्रिड के सैंटियागो बर्नबेउ मैदान पर खेला गया, जहां घरेलू टीम ने शुरू से ही आक्रामक खेल दिखाया।
वाल्वरडे ने पहले ही हाफ में तीन गोल करके विरोधी टीम की रक्षापंक्ति को पूरी तरह चौंका दिया। उन्होंने 20वें, 27वें और 42वें मिनट में गेंद को जाल में पहुंचाकर अपनी टीम को शानदार बढ़त दिलाई। उरुग्वे के इस खिलाड़ी ने उस समय जिम्मेदारी संभाली जब टीम के कई प्रमुख खिलाड़ी चोट के कारण मैदान से बाहर थे। काइलियन एमबाप्पे, जूड बेलिंघम और रोड्रिगो की अनुपस्थिति में वाल्वरडे का प्रदर्शन टीम के लिए बेहद अहम साबित हुआ।
मुकाबले के बाद रीयल मैड्रिड के कोच अल्वारो एर्बेलियोने टीम की सराहना करते हुए कहा कि उनकी टीम को कभी भी कमजोर नहीं समझना चाहिए। उन्होंने कहा कि रियाल मैड्रिड हमेशा बड़े मुकाबलों में मजबूत वापसी करने की क्षमता रखता है।
रीयल जीत का अंतर और भी बड़ा हो सकता था, लेकिन दूसरे हाफ में ब्राजील के स्टार खिलाड़ी विनिसियस जूनियर पेनल्टी के अवसर को गोल में नहीं बदल पाए। उनके शॉट को गोलकीपर डोनारुम्मा ने शानदार तरीके से रोक लिया और अपनी टीम को और नुकसान से बचा लिया। अब मैनचेस्टर सिटी के सामने अगले मुकाबले में बड़ी चुनौती है। यदि उसे अगले दौर में पहुंचना है तो उसे तीन गोल की कमी को पाटते हुए अपने मैदान पर बेहतरीन प्रदर्शन करना होगा।
अन्य मुकाबलों में पेरिस सेंट जर्मेन (पीएसजी) ने चेल्सी को 5-2 से हराकर मजबूत बढ़त बना ली। पिछले वर्ष क्लब विश्व कप के फाइनल में चेल्सी से मिली हार के बाद यह जीत उनके लिए बदले जैसी रही। इसके अलावा नॉर्वे की टीम बोडो ग्लिम्ट ने स्पोर्टिंग सीपी को 3-0 से हराकर अगले दौर के करीब पहुंच गई है। वहीं आर्सेनल और बायर लेवरकुसेन के बीच खेला गया मुकाबला 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ, जिससे दूसरे चरण का मुकाबला बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है।






