क्रिकेट
Trending

Ashes Series :बॉक्सिंग टेस्ट से बाहर हुए कमिंस, लियाेन की जगह इस गेंदबाज को टीम में मिली जगह

Aus vs Eng: ऑस्ट्रेलिया के नियमित कप्तान पैट कमिंस (Pat cummins) को इंग्लैंड के खिलाफ शुक्रवार से मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) में शुरू होने वाले चौथे एशेज टेस्ट (Fourth Ashes Test) से विश्राम दिया जाएगा। चोटिल ऑफ स्पिनर नाथन लियोन (Nathan Lyon) की जगह टॉड मर्फी (Todd Murphy)को टीम में शामिल किया गया है, जो 26 दिसंबर से शुरू होने वाले बॉक्सिंग डे टेस्ट (Boxing Day Test) में घरेलू धरती पर अपना पहला टेस्ट मैच खेलने के लिए तैयार हैं।

ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट ने मंगलवार को 15 सदस्यीय टीम की घोषणा की, जिसमें मर्फी को मैट कुहनेमैन और कोरी रोकिचिओली पर प्राथमिकता दी गई। लियोन तीसरे टेस्ट के अंतिम दिन चौका बचाने के प्रयास में डाइव लगाते समय हैमस्ट्रिंग में मोच का शिकार हो गए थे। 38 वर्षीय लियोन अपने लंबे टेस्ट करियर में आमतौर पर चोटों से बचे रहे हैं। इससे पहले वे केवल 2023 में पिंडली की चोट के कारण एक एशेज टेस्ट से बाहर हुए थे।

ऑस्ट्रेलिया ने एडिलेड में तीसरा टेस्ट जीतकर पहले ही एशेज अपने नाम कर लिया है। कमिंस जून से पीठ दर्द से जूझ रहे थे और उन्होंने एडिलेड टेस्ट के जरिए वापसी की थी। हालांकि, 82 रन की जीत के बाद उन्होंने स्वीकार किया था कि एमसीजी में खेलना उनके लिए चुनौतीपूर्ण हो सकता है, जिसके बाद चयनकर्ताओं ने उन्हें आराम देने का फैसला किया।

तीसरे टेस्ट में अस्वस्थता के कारण नहीं खेल पाए स्टीव स्मिथ के अब फिट होने की उम्मीद है और कमिंस की अनुपस्थिति में वही टीम की कप्तानी करेंगे। तेज गेंदबाज झाई रिचर्डसन भी टीम में वापसी के बाद चार साल से अधिक समय में अपना पहला टेस्ट खेलने के प्रबल दावेदार हैं।

मर्फी इससे पहले 2023 की इंग्लैंड में खेली गई एशेज सीरीज में लियोन के चोटिल होने के बाद दो टेस्ट खेले थे और ओवल टेस्ट में छह विकेट लेकर प्रभावित किया था। एशेज श्रृंखला का पांचवां और अंतिम टेस्ट 3 जनवरी से सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा।

चौथे टेस्ट मैच के लिए ऑस्ट्रेलिया की टीम

स्टीव स्मिथ (कप्तान), स्कॉट बोलैंड, एलेक्स कैरी, ब्रेंडन डॉगेट, कैमरन ग्रीन, ट्रैविस हेड, जोश इंग्लिस, उस्मान ख्वाजा, मार्नस लाबुशेन, टॉड मर्फी, माइकल नेसर, झाई रिचर्डसन, मिशेल स्टार्क, जेक वेदरल्ड, ब्यू वेबस्टर।

Related Articles

Back to top button