
भारत सरकार ने वर्ष 2026 के लिए पद्म पुरस्कारों की घोषणा कर दी है, जिसमें खेल जगत के कई दिग्गजों को सम्मानित किया गया है। महान टेनिस खिलाड़ी विजय अमृतराज, क्रिकेट विश्व कप विजेता कप्तान रोहित शर्मा और भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ऐतिहासिक कप्तान हरमनप्रीत कौर इस सूची के प्रमुख नामों में शामिल हैं। विजय अमृतराज इस वर्ष पद्म भूषण से सम्मानित होने वाले एकमात्र खिलाड़ी हैं। भारत के तीसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान से उन्हें भारतीय टेनिस को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाने में उनके अहम योगदान के लिए नवाजा गया है।
अमृतराज ने एमेच्योर और शुरुआती ओपन युग में भारतीय टेनिस को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया और कई पीढ़ियों के खिलाड़ियों के लिए मार्ग प्रशस्त किया।पूर्व डेविस कप स्टार अमृतराज को इससे पहले 1983 में पद्म श्री और 1974 में अर्जुन पुरस्कार मिल चुका है। उन्होंने विम्बलडन और अमेरिकी ओपन में एकल वर्ग के क्वार्टर फाइनल में दो-दो बार जगह बनाई थी। सक्रिय खेल करियर के बाद भी उन्होंने खेल प्रशासक, मेंटर और राजदूत जैसी भूमिकाओं में भारतीय खेलों की सेवा जारी रखी।भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा और महिला वनडे विश्व कप विजेता कप्तान हरमनप्रीत कौर को पद्म श्री से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान भारत का चौथा सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार है।
रोहित शर्मा को यह सम्मान भारतीय क्रिकेट में उनके सफल नेतृत्वकाल के बाद मिला है। कप्तान के तौर पर उन्होंने भारत को दो आईसीसी खिताब दिलाए—2024 में टी20 विश्व कप और 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी। टी20 विश्व कप जीतने के बाद रोहित ने इस प्रारूप से संन्यास लिया और 2025 में टेस्ट क्रिकेट को भी अलविदा कह दिया, हालांकि वह अभी वनडे क्रिकेट में सक्रिय हैं।
हरमनप्रीत कौर के लिए 2025 भारतीय महिला क्रिकेट के इतिहास का स्वर्णिम वर्ष रहा। उनकी कप्तानी में भारत ने घरेलू धरती पर पहली बार आईसीसी महिला वनडे विश्व कप जीता। नवी मुंबई में खेले गए फाइनल में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को हराकर इतिहास रच दिया। इस उपलब्धि के साथ हरमनप्रीत महिला विश्व कप जीतने वाली पहली भारतीय कप्तान बनीं और एमएस धोनी के बाद घरेलू मैदान पर विश्व कप जीतने वाली कुल दूसरी भारतीय कप्तान रहीं।
पद्म श्री से सम्मानित अन्य खिलाड़ियों में पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता ऊंची कूद एथलीट प्रवीण कुमार, भारतीय महिला हॉकी टीम की अनुभवी गोलकीपर सविता पूनिया, वरिष्ठ कोच बलदेव सिंह और के. पजनीवेल शामिल हैं। इसके अलावा कुश्ती के पूर्व कोच व्लादिमेर मेस्तविरिश्विली को मरणोपरांत पद्म श्री दिया गया, जिन्होंने योगेश्वर दत्त और बजरंग पूनिया जैसे ओलंपिक पदक विजेताओं को प्रशिक्षित किया था।
सरकार ने 2026 के लिए कुल 131 पद्म पुरस्कारों की घोषणा की है, जिनमें पांच पद्म विभूषण, 13 पद्म भूषण और 113 पद्म श्री शामिल हैं। ये सम्मान खेल, कला, साहित्य, विज्ञान और लोक सेवा समेत विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान के लिए दिए गए हैं।





