
European T-20 Premier League: यूरोपीय टी20 प्रीमियर लीग (ईटीपीएल) ने बुधवार को अपने पहले फ्रेंचाइजी मालिकों की घोषणा करते हुए ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज क्रिकेटर स्टीव वॉ, विस्फोटक ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल और हॉकी स्टार जैमी ड्वायेर को लीग से जोड़ने की जानकारी दी। यह वैश्विक मल्टी-नेशन फ्रेंचाइजी लीग बॉलीवुड अभिनेता अभिषेक बच्चन की पहल है और इसे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) की मान्यता प्राप्त है। साथ ही, नीदरलैंड, आयरलैंड और स्कॉटलैंड क्रिकेट बोर्ड का भी समर्थन इस लीग को हासिल है।
ईटीपीएल की शुरुआत पिछले साल हुई थी, लेकिन इसका पहला छह टीमों वाला पूर्ण टूर्नामेंट इस साल आयोजित किया जाएगा, जिसमें कुल 34 मुकाबले खेले जाएंगे। लीग प्रबंधन ने फिलहाल तीन टीमों एम्सटर्डम, एडिनबर्ग और बेलफास्ट के मालिकों का ऐलान किया है।
एम्सटर्डम फ्रेंचाइजी का स्वामित्व ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान और महान बल्लेबाज स्टीव वॉ तथा ऑस्ट्रेलिया के पूर्व हॉकी कप्तान और ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता जैमी ड्वायेर के नेतृत्व वाले समूह के पास होगा।
एडिनबर्ग टीम की जिम्मेदारी न्यूजीलैंड के पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर नाथन मैकुलम और काइल मिल्स संभालेंगे। वहीं बेलफास्ट फ्रेंचाइजी ऑस्ट्रेलियाई स्टार ग्लेन मैक्सवेल और बीमा कंपनी एनआरएमए के पूर्व ग्रुप सीईओ रोहन लुंड के स्वामित्व में होगी।
स्टीव वॉ ने इस अवसर पर कहा, “मैं बहुत सोच-समझकर तय करता हूं कि क्रिकेट में अपनी ऊर्जा और समय कहां लगाऊं। फ्रेंचाइजी क्रिकेट तेजी से बढ़ रहा है, लेकिन यह प्रोजेक्ट अपनी दूरदर्शी सोच के कारण खास है। यह मेरे लिए क्रिकेट से एक नई भूमिका में जुड़ने का अवसर भी है।”
ईटीपीएल, रूल्स ग्लोबल और क्रिकेट आयरलैंड का संयुक्त उपक्रम है। अभिषेक बच्चन के साथ इस प्रोजेक्ट में सौरव बनर्जी, प्रियंका कौल और धीरज मल्होत्रा भी साझेदार हैं। लीग का उद्देश्य यूरोप में क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना और वैश्विक स्तर पर फ्रेंचाइजी क्रिकेट का विस्तार करना है।






