
India open: नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इनडोर स्टेडियम में खेले जा रहा इंडिया ओपन में खिलाड़ियों के खेल से ज्यादा अन्य चीजों के लिए चर्चा में है। पहले डेनमार्क की खिलाड़ी मिया ब्लिचफेल्ट ने मुख्य कोर्ट क्षेत्र में साफ सफाई को लेकर सवाल उठाए थे तो वहीं डेनमार्क के ही एंडर्स एंटोनसेन ने दिल्ली के प्रदूषण का हवाला देते हुए अपना नाम वापस लिया था। इसके बाद बुधवार को दर्शकों के बीच बंदर आने से आयोजन की बदनामी हुई तो गुरुवार को चिड़िया की बीट के कारण मैच रोकना पड़ा।
पुरुष सिंगल्स में भारत के एचएस प्रणय और सिंगापुर के लोह कीन यू के बीच दूसरे दौर के मैच के दौरान पक्षी की बीट के कारण दो बार मैच रोकना पड़ा। मैच पहली बार तब रोका गया जब प्रणये पहले गेम में 16-14 से आगे थे। निर्णायक गेम की शुरुआत में इसे फिर से रोका गया, जब प्रणय 1-0 से आगे थे। इस दौरान टूर्नामेंटके अधिकारी कोर्ट नंबर एक साफ करने आए। मैच के बाद प्रणय ने भी स्वीकार किया कि पक्षी की बीट के कारण मैच को रोका गया था।
मिया ब्लिचफेल्ट ने भी अभ्यास कोर्ट पर पक्षियों के बीट करने की शिकायत की थी, लेकिन तब भारतीय बैडमिंटन संघ के अधिकारियों ने कहा था कि मुख्य कोर्ट को कबूतर मुक्त रखा गया है। लेकिन गुरुवार को उनके यह दावे भी हवा हवाई हो गए, जब बीट के कारण मैच रोका गया।





