Allअन्य खेल

Tata Steel Chess: वर्ल्ड चैंपियन गुकेश ने चौथे राउंड में प्रज्ञानानंदा से खेला ड्रॉ

नीदरलैंड के विज्क आन जी में चल रही टाटा स्टील मास्टर्स शतरंज टूर्नामेंट में मौजूदा विश्व चैंपियन डी. गुकेश ने लगातार चौथी बार ड्रॉ खेलते हुए अपने ही देश के डिफेंडिंग चैंपियन आर. प्रज्ञानानंदा के साथ अंक साझा किए। वहीं भारत के शीर्ष खिलाड़ी अर्जुन एरिगेसी भी नीदरलैंड के अनुभवी ग्रैंडमास्टर अनिश गिरी की मजबूत रक्षा को नहीं तोड़ सके और लगातार तीसरे दिन ड्रॉ से संतोष करना पड़ा।

गुकेश ने फ्रेंच डिफेंस के खिलाफ एक असामान्य रणनीति अपनाई, जिससे मुकाबला दिलचस्प बन गया। प्रज्ञानानंदा ने क्वीन साइड पर सफेद मोहरों की प्यादा संरचना को कमजोर जरूर किया, लेकिन निर्णायक बढ़त नहीं बना सके। आखिरकार मुकाबला क्वीन और प्यादों के एंडगेम में ड्रॉ पर समाप्त हुआ। यह चौथा दिन था जब प्रज्ञानानंदा जीत से चूक गए। शुरुआती राउंड में दो ड्रॉ और दो अहम हार के साथ प्रज्ञानानंदा फिलहाल अंक तालिका में अनिश गिरी के साथ सबसे नीचे चल रहे हैं।

दिन के अन्य मुकाबलों में भारत के अरविंद चिदंबरम को अमेरिकी खिलाड़ी हंस मोक नीमन के हाथों अपनी पहली हार का सामना करना पड़ा। यह क्लासिकल फॉर्मेट में दोनों की दूसरी भिड़ंत थी और इस बार भी नीमन ने बाज़ी मार ली। मिडिल गेम में नीमन ने खतरनाक क्वीन सैक्रीफाइस के बाद शानदार खेल दिखाया और मुकाबले पर पूरी तरह पकड़ बना ली।उजबेकिस्तान के युवा सितारे नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव ने चेक गणराज्य के थाई दाई वान गुयेन को हराकर टूर्नामेंट में अपनी दावेदारी मजबूत कर ली।

वहीं उजबेकिस्तान के ही जावोखिर सिंदारोव ने जर्मनी के माथियास ब्ल्यूबाम को हराकर अहम जीत दर्ज की। ब्ल्यूबाम इस साल कैंडिडेट्स टूर्नामेंट में खेलने वाले हैं।चार राउंड के बाद अब्दुसत्तोरोव और नीमन संयुक्त रूप से चार में से तीन अंक लेकर शीर्ष पर हैं। अर्जुन एरिगेसी उनके ठीक पीछे हैं, जिनके साथ सिंदारोव और डच खिलाड़ी जॉर्डन वैन फोरेस्ट भी बराबरी पर हैं।

अर्जुन और गिरी के मुकाबले में किसी भी खिलाड़ी को लय नहीं मिली। गिरी की सधी हुई रक्षात्मक शैली और अर्जुन के आक्रामक खेल का टकराव इस बार रोमांच नहीं ला सका। अंत में मुकाबला रूक और प्यादों के एंडगेम में ड्रॉ पर खत्म हुआ, जहां सफेद मोहरों के पास जीत की खास संभावनाएं नहीं थीं।

Related Articles

Back to top button