Allअन्य खेल

Sports Awards: खेल रत्न के लिए हार्दिक सिंह का नाम, अर्जुन पुरस्कारों की सूची में 24 खिलाड़ी

भारतीय पुरुष हॉकी टीम के उपकप्तान हार्दिक सिंह को इस साल के सर्वोच्च खेल सम्मान मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार के लिए नामित किया गया है। वहीं, शतरंज की युवा स्टार दिव्या देशमुख और डेकाथलॉन एथलीट तेजस्विन शंकर सहित 24 खिलाड़ियों के नाम अर्जुन पुरस्कार के लिए चुने गए हैं।

यह फैसला चयन समिति की बैठक में लिया गया।मिडफील्डर हार्दिक सिंह भारतीय हॉकी के भरोसेमंद स्तंभ रहे हैं। वह टोक्यो ओलंपिक 2021 और पेरिस ओलंपिक 2024 में कांस्य पदक जीतने वाली टीम का अहम हिस्सा थे। इसके अलावा, इसी साल एशिया कप में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम में भी उनकी भूमिका निर्णायक रही। इस सूची में एक खास बात यह रही कि कोई भी क्रिकेटर अर्जुन पुरस्कार के लिए शामिल नहीं है। तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी आखिरी क्रिकेटर थे, जिन्हें 2023 में यह सम्मान मिला था।

खेल मंत्रालय से औपचारिक मान्यता मिलने के पांच साल बाद पहली बार योगासन खिलाड़ी आरती पाल का नाम अर्जुन पुरस्कार के लिए भेजा गया है। आरती राष्ट्रीय और एशियाई स्तर की चैंपियन हैं और 2026 के एशियाई खेलों में योगासन के नुमाइशी खेल के रूप में शामिल होने से इस विधा को नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

खेल रत्न पुरस्कार के साथ 25 लाख रुपये, पदक और प्रशस्ति पत्र दिया जाता है, जबकि अर्जुन पुरस्कार के तहत 15 लाख रुपये प्रदान किए जाते हैं। पिछले साल विश्व चैंपियन शतरंज खिलाड़ी डी. गुकेश, पुरुष हॉकी कप्तान हरमनप्रीत सिंह, पैरा एथलीट प्रवीण कुमार और निशानेबाज मनु भाकर को खेल रत्न से सम्मानित किया गया था।

राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों के लिए अनुशंसा

मेजर ध्यानचंद खेल रत्नहार्दिक सिंह (हॉकी)

अर्जुन पुरस्कार : तेजस्विन शंकर (एथलेटिक्स), प्रियंका (एथलेटिक्स), नरेंद्र (मुक्केबाजी), विदित गुजराती (शतरंज), दिव्या देशमुख (शतरंज), धनुष श्रीकांत (बधिर निशानेबाजी), प्रणति नायक (जिम्नास्टिक), राजकुमार पाल (हॉकी), सुरजीत (कबड्डी), निर्मला भाटी (खो-खो), रुद्रांक्ष खंडेलवाल (पैरा निशानेबाजी), एकता भयान (पैरा एथलेटिक्स), पद्मनाभ सिंह (पोलो), अरविंद सिंह (नौकायन), अखिल श्योराण (निशानेबाजी), मेहुली घोष (निशानेबाजी), सुतीर्था मुखर्जी (टेबल टेनिस), सोनम मलिक (कुश्ती), आरती (योगासन), त्रिसा जाली (बैडमिंटन), गायत्री गोपीचंद (बैडमिंटन), लालरेम्सियामी (हॉकी), मोहम्मद अफजल (एथलेटिक्स)।

Related Articles

Back to top button