
भारतीय अंडर-19 टीम ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए शनिवार को अंडर-19 विश्व कप 2026 के ग्रुप मुकाबले में न्यूजीलैंड को डकवर्थ-लुईस नियम के तहत 7 विकेट से मात दी। इस जीत के साथ भारत ने लगातार तीसरी जीत दर्ज की और ग्रुप-बी में शीर्ष स्थान पक्का कर लिया।
इस जीत के साथ भारत ने सुपर-6 ग्रुप-2 में जगह बना ली है, जहां उसका सामना 27 जनवरी को जिम्बाब्वे और 1 फरवरी को चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से होगा।
बारिश से प्रभावित यह मुकाबला क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में खेला गया, जहां टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम 36.2 ओवर में 135 रन पर सिमट गई। शुरुआती ओवरों में ही भारतीय गेंदबाजों ने कीवी बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। न्यूजीलैंड ने महज 17 रन तक तीन विकेट गंवा दिए थे और बारिश के बाद भी उनकी स्थिति में कोई खास सुधार नहीं हुआ।
मध्यक्रम में जसकरण संधू और जैकब कॉटर ने 37 रन की साझेदारी कर पारी को संभालने की कोशिश की। इसके बाद सेल्विन संजय और कैलम सैमसन ने आठवें विकेट के लिए 53 रन जोड़कर टीम को 100 के पार पहुंचाया। सैमसन ने नाबाद 37 और संजय ने 28 रन बनाए।
भारत की ओर से आरएस अम्ब्रीश ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 8 ओवर में 29 रन देकर 4 विकेट झटके। हेनिल पटेल को 3 विकेट मिले, जबकि अन्य गेंदबाजों ने भी सटीक सहयोग किया।
डकवर्थ-लुईस नियम के तहत भारत को 130 रन का लक्ष्य मिला, जिसे टीम ने महज 13.3 ओवर में हासिल कर लिया। भारत की शुरुआत हालांकि थोड़ी लड़खड़ाई, लेकिन इसके बाद वैभव सूर्यवंशी और कप्तान आयुष म्हात्रे ने दूसरे विकेट के लिए 76 रन की विस्फोटक साझेदारी कर मैच को एकतरफा बना दिया।
वैभव ने 23 गेंदों में 40 रन की तेज पारी खेली, जबकि आयुष म्हात्रे ने 27 गेंदों में 53 रन जड़ दिए। अंत में वेदांत त्रिवेदी और विहान मल्होत्रा ने टीम को जीत तक पहुंचाया।




