Allफुटबॉल

Shocking : बायर्न म्यूनिख के इस युवा स्टार ने रीयल मैड्रिड को बताया अपना ड्रीम क्लब

Lenart Karl calls real Madrid his Dream Club: जर्मनी के दिग्गज क्लब बायर्न म्यूनिख के 17 वर्षीय उभरते सितारे लेनार्ट कार्ल ने अपने बयान से फुटबॉल जगत में हलचल मचा दी है। बायर्न के लिए खेलते हुए यूएफा चैंपियंस लीग में सबसे कम उम्र में गोल करने वाले इस प्रतिभाशाली मिडफील्डर ने स्वीकार किया कि उनका ‘ड्रीम क्लब’ स्पेन का रीयल मैड्रिड है।

नए साल के मौके पर आयोजित एक पारंपरिक फैन मीट के दौरान सवाल-जवाब सत्र में कार्ल से पूछा गया कि क्या बायर्न के अलावा भी उनका कोई ड्रीम क्लब है। इस पर कार्ल ने मुस्कुराते हुए कहा, बायर्न किसी भी लिहाज से बहुत बड़ा क्लब है और यहां खेलना अपने आप में सपना है। लेकिन एक दिन मैं जरूर रीयल मैड्रिड के लिए खेलना चाहूंगा। वही मेरा ड्रीम क्लब है… हालांकि यह बात हमारे बीच ही रहे।” उनके इस जवाब पर वहां मौजूद बायर्न समर्थक हंस पड़े और माहौल हल्का-फुल्का बना रहा।

हालांकि, जहां कार्यक्रम में मौजूद प्रशंसकों ने इसे खेल भावना के साथ लिया, वहीं सोशल मीडिया पर कुछ बायर्न समर्थकों ने युवा खिलाड़ी की क्लब के प्रति निष्ठा पर सवाल भी उठाए। आलोचकों का मानना है कि इतनी कम उम्र में भविष्य के किसी अन्य क्लब का सपना सार्वजनिक करना सही संकेत नहीं है।लेनार्ट कार्ल बायर्न म्यूनिख की युवा अकादमी से निकलकर सामने आए हैं।

उन्होंने जून में क्लब वर्ल्ड कप में ऑकलैंड सिटी के खिलाफ 10-0 की जीत के दौरान सीनियर टीम के लिए पदार्पण किया था। इसके बाद अक्टूबर में उन्होंने चैंपियंस लीग में गोल कर इतिहास रच दिया। मौजूदा सत्र में वह बायर्न के लिए नियमित रूप से खेल रहे हैं और अब तक 22 मैचों में छह गोल दाग चुके हैं।

अपने बयान के बावजूद कार्ल ने यह भी साफ किया कि फिलहाल बायर्न म्यूनिख उनके लिए बेहद खास है और क्लब में खेलते हुए उन्हें भरपूर आनंद मिल रहा है। युवा उम्र में उनकी प्रतिभा और आत्मविश्वास यह संकेत देते हैं कि भविष्य में वह यूरोपीय फुटबॉल के बड़े मंचों पर अहम भूमिका निभा सकते हैं।

Related Articles

Back to top button