Allफुटबॉल

Champions league: एमबाप्पे ने पूर्व क्लब मोनाको को किया ध्वस्त, रीयल मैड्रिड की 6-1 से शानदार जीत

Real Madrid Beats Monaco: काइलियन एमबाप्पे ने अपने पुराने क्लब एएस मोनाको के खिलाफ कोई भावुकता नहीं दिखाई और सैंटियागो बर्नाबेउ में खेले गए चैंपियंस लीग मुकाबले में रीयल मैड्रिड को 6-1 की शानदार जीत दिलाई। फ्रांसीसी सुपरस्टार ने शुरुआती 26 मिनट में ही दो गोल दागकर मैच को एकतरफा बना दिया। एमबाप्पे ने मोनाको के लिए पांच साल तक खेलते हुए प्रोफेशनल फुटबॉलर बनने का सपना पूरा किया था, लेकिन इस मुकाबले में उन्होंने पूर्व क्लब पर रहम नहीं किया।

रीयल मैड्रिड के लिए फ्रांको मस्तांतुओनो, थिलो केहर (आत्मघाती गोल), विनीसियस जूनियर और जूड बेलिंगहैम ने भी गोल कर जीत को यादगार बना दिया।मैच की शुरुआत से ही रीयल ने दबदबा बनाया। पांचवें मिनट में फेडेरिको वाल्वर्डे के पास पर एमबाप्पे ने सटीक फिनिश करते हुए पहला गोल किया। इसके बाद शानदार टीम मूव से उन्होंने अपना दूसरा गोल किया, जो इस सीजन का उनका 32वां गोल रहा।

दूसरे हाफ में मस्तांतुओनो ने अपना पहला चैंपियंस लीग गोल किया। इसके बाद मोनाको के डिफेंडर थिलो केहर ने विनीसियस के क्रॉस को अपने ही गोल में डाल दिया। विनीसियस ने खुद भी बेहतरीन स्ट्राइक से स्कोरशीट में नाम दर्ज कराया।मोनाको के लिए जॉर्डन टीजे ने एक सांत्वना गोल किया, लेकिन जूड बेलिंगहैम ने अंतिम गोल कर रियल की बड़ी जीत पर मुहर लगा दी। यह मुकाबला कोच अल्वारो आर्बेलोआ के लिए चैंपियंस लीग में पहली जीत भी साबित हुआ।

इससे पहले उनकी टीम को कोपा डेल रे में शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा था।इस जीत के साथ रीयल मैड्रिड ग्रुप स्टैंडिंग में दूसरे स्थान पर पहुंच गया और टॉप-8 में जगह बनाने की उम्मीदों को मजबूत कर लिया। एमबाप्पे का फॉर्म टीम के लिए आने वाले मुकाबलों में भी बड़ा हथियार साबित हो सकता है।

Related Articles

Back to top button