
AO2026: डिफेंडिंग चैंपियन जैनिक सिनर को शनिवार को ऑस्ट्रेलियन ओपन में अपने खिताब बचाव की राह में कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने गर्मी, ऐंठन और अमेरिकी खिलाड़ी एलियट स्पिजिर्री, तीनों से पार पाते हुए चौथे दौर में जगह बना ली। रोड लेवर एरीना में खेले गए इस मुकाबले में सिनर ने 4-6, 6-3, 6-4, 6-4 से जीत दर्ज की।
मैच के बाद सिनर ने कहा, आज की जीत से बहुत खुश हूं। अगला मैच कैसा होगा, देखते हैं। लुसियानो डारडेरी के साथ हमने केवल एक बार अभ्यास किया है, इसलिए बहुत ज्यादा अनुभव नहीं है। लेकिन यह अच्छा है कि ग्रैंड स्लैम के क्वार्टरफाइनल तक कम से कम एक इटैलियन खिलाड़ी जरूर पहुंचेगा।
एक-एक सेट की बराबरी के बाद तीसरे सेट में स्पिजिर्री ने 3-1 की बढ़त बना ली, जबकि सिनर ऐंठन से जूझते नजर आए। सर्व करने और कोर्ट पर मूवमेंट में उन्हें काफी परेशानी हो रही थी। इसी दौरान ऑस्ट्रेलियन ओपन हीट स्ट्रेस स्केल का स्तर 5 पर पहुंच गया, जिसके चलते अधिकारियों ने छत बंद करने के लिए खेल अस्थायी रूप से रोक दिया।
करीब 10 मिनट से भी कम समय के ब्रेक के बाद खेल दोबारा शुरू हुआ और यही छोटा सा विराम मैच का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। खेल बहाल होते ही सिनर ने खुद को संभाला, रणनीति बदली और धीरे-धीरे मैच पर पकड़ बनाते हुए तीन घंटे 45 मिनट तक चले इस मुकाबले में जीत हासिल की।
सिनर ने कहा, आज बहुत गर्मी थी। तीसरे सेट में मुझे थोड़ी ऐंठन हुई, लेकिन कुछ समय बाद वह कम हो गई। अनुभव के साथ मैं अब अपने शरीर को थोड़ा बेहतर समझने लगा हूं और मुश्किल हालात को संभालना सीख रहा हूं। आज मैं थोड़ा भाग्यशाली भी रहा। जब छत बंद की गई, तो उस ब्रेक में खुद को ढीला करने का मौका मिला। इससे काफी मदद मिली और कुछ पॉइंट्स खेलने का तरीका भी बदला, जो मेरे लिए फायदेमंद रहा। अब सिनर का सामना अगले राउंड में अपने ही देश के लुसियानो डारडेरी से होगा, जहां वह अपनी लय बरकरार रखने की कोशिश करेंगे।
चौथे राउंड में पेगुला से टकराएंगी मेडिसन : महिलाओं में मौजूदा चैंपियन मैडिसन कीज और उनकी हमवतन अमेरिकी खिलाड़ी जेसिका पेगुला के लिए जल्दी शुरुआत और गर्म मौसम के बावजूद शनिवार को सीधे सेटों में जीत दर्ज करके चौथे राउंड में जगह बनाई, जहां उनका आमना सामना होगा। नौवीं वरीयता प्राप्त कीज ने रोड लेवर एरिना में खेले गए पहले मैच में कैरोलिना प्लिस्कोवा को 6-3, 6-3 से हराया, जबकि छठी वरीयता प्राप्त पेगुला ने मार्गरेट कोर्ट एरिना में खेले गए पहले मैच में ओक्साना सेलेखमेतेवा को 6-3, 6-2 से पराजित किया।
अमेरिका की एक अन्य खिलाड़ी और चौथी वरीयता प्राप्त अमांडा अनिसिमोवा ने हमवतन पेटन स्टर्न्स को 6-1, 6-4 से हराकर अंतिम 16 में जगह बनाई। सातवें दिन खेल निर्धारित समय से एक घंटा पहले शुरू हुआ, क्योंकि पूर्वानुमान में 40 डिग्री सेल्सियस (104 फ़ारेनहाइट) तक के तापमान की आशंका थी। शुरुआती मैचों के दौरान तापमान उस स्तर तक नहीं पहुंचा। इस दौरान तापमान 32 डिग्री सेल्सियस (89 फ़ारेनहाइट) रहा।
खत्म हुई एन श्रीराम की चुनौती : भारत के एन श्रीराम बालाजी और उनके ऑस्ट्रियाई साथी नील ओबरलीट्नर शनिवार को सीधे सेटों में हारकर पुरुष डबल्स के दूसरे दौर से बाहर हो गए। बालाजी और ओबरलीट्नर को अल सल्वाडोर के मार्सेलो अरेवालो और क्रोएशिया के माटे पाविच की चौथे वरीयता प्राप्त जोड़ी से 5-7, 1-6 से हार का सामना करना पड़ा, जिन्होंने मेलबर्न पार्क के शो कोर्ट पर अपनी निरंतरता और बड़े मैचों के खेलने का अच्छा नमूना पेश किया।






