Sabalenka enters into quarter final of Australian Open: विश्व नंबर एक आर्यना सबालेंका ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 के क्वार्टरफाइनल में पहुंचने वाली पहली महिला खिलाड़ी बन गई हैं। शीर्ष वरीय सबालेंका ने रोड लेवर एरीना में खेले गए मुकाबले में 17वीं वरीय विक्टोरिया एमबोको को 6-1, 7-6(1) से हराया। दूसरे सेट में एमबोको ने कड़ी चुनौती पेश की, लेकिन सबालेंका ने पांचवें मैच प्वाइंट पर जीत सुनिश्चित की।
इस जीत के साथ दो बार की ऑस्ट्रेलियन ओपन चैंपियन ने ग्रैंड स्लैम स्तर पर लगातार 20वां टाईब्रेक जीतकर इतिहास रच दिया। उन्होंने नोवाक जोकोविच का 2005 से 2007 के बीच बनाया गया 19 लगातार टाईब्रेक जीतने का रिकॉर्ड तोड़ दिया। 27 वर्षीय सबालेंका ने मैच में 31 विनर्स लगाए और अब तक टूर्नामेंट में एक भी सेट नहीं गंवाया है।
एक अन्य मुकाबले में 18 वर्षीय अमेरिकी खिलाड़ी ईवा योविच ने जॉन केन एरीना में कज़ाखस्तान की यूलिया पुतिन्त्सेवा को महज 53 मिनट में 6-0, 6-1 से हराकर अपने करियर का पहला ग्रैंड स्लैम क्वार्टरफाइनल खेलना तय किया। यह ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 का अब तक का सबसे तेज़ मुकाबला रहा।
योविच 1998 में वीनस विलियम्स के बाद बिना कोई सेट गंवाए ऑस्ट्रेलियन ओपन क्वार्टरफाइनल में पहुंचने वाली सबसे कम उम्र की खिलाड़ी बनीं। इसके अलावा, वह 2005 में मारिया शारापोवा के बाद एक ही कैलेंडर वर्ष में अपने पहले तीन डब्ल्यूटीए स्तर के टूर्नामेंटों के क्वार्टरफाइनल में पहुंचने वाली सबसे युवा खिलाड़ी भी हैं।





