Sinner and Djokovic into semifinal at Melbourne park: ऑस्ट्रेलियन ओपन में नोवाक जोकोविच का सफर एक बार फिर नाटकीय मोड़ पर पहुंचा, जब दो सेट से पिछड़ने और पैर में गंभीर छाले से जूझने के बावजूद उन्हें क्वार्टरफाइनल में जीत मिल गई। यह जीत उन्हें तब मिली, जब पांचवीं वरीय इटली के लोरेंजो मुसेट्टी चोट के कारण मुकाबला छोड़ने पर मजबूर हो गए।
मैच की शुरुआत जोकोविच के लिए कठिन रही। मुसेट्टी ने आक्रामक और सटीक खेल दिखाते हुए पहला सेट 6-4 और दूसरा सेट 6-3 से अपने नाम किया। इस दौरान जोकोविच को दाहिने पैर के पंजे में गंभीर छाले की समस्या हुई और दूसरे सेट के बाद उन्हें मेडिकल टाइमआउट लेना पड़ा। खुद जोकोविच ने बाद में स्वीकार किया कि वह इस स्थिति में वापसी की उम्मीद लगभग छोड़ चुके थे।
तीसरे सेट की शुरुआत में हालांकि परिस्थितियां बदलीं। मुसेट्टी को दाहिनी जांघ के ऊपरी हिस्से में खिंचाव महसूस हुआ। सर्विस टूटने के बाद उन्होंने मेडिकल सहायता ली और कुछ गेम तक खेलने की कोशिश की, लेकिन दर्द बढ़ने के कारण वह आगे खेल नहीं सके। तीसरे सेट में 3-1 से पीछे चल रहे मुसेट्टी ने अंततः मैच छोड़ दिया।
जोकोविच ने जीत के बाद कहा कि वह इस मुकाबले में बेहद भाग्यशाली रहे और मुसेट्टी बेहतर खिलाड़ी थे। उन्होंने यह भी कहा कि ग्रैंड स्लैम के क्वार्टरफाइनल में दो सेट से आगे रहते हुए इस तरह बाहर होना किसी भी खिलाड़ी के लिए बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।यह लगातार दूसरा मौका है जब जोकोविच को टूर्नामेंट में बिना पूरा मैच खेले आगे बढ़ने का फायदा मिला। इससे पहले चौथे दौर में याकुब मेंसिक के चोटिल होने के कारण उन्हें वॉकओवर मिला था।
अब सेमीफाइनल में जोकोविच का सामना दो बार के डिफेंडिंग चैंपियन जैनिक सिनर से होगा। एक अन्य क्वार्टरफाइनल में जैनिक सिनर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दुनिया के आठवें नंबर के अमेरिकी खिलाड़ी बेन शेल्टन को सीधे सेटों में 6-3, 6-4, 6-4 से हराकर अंतिम चार में जगह बनाई।






