Australian Open: वर्ल्ड नंबर वन एरिना सबालेंका ने ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 में अपने शानदार अभियान को जारी रखते हुए गुरुवार को महिला सिंगल्स सेमीफाइनल में यूक्रेन की एलिना स्वितोलिना को 6-2, 6-3 से हराकर लगातार चौथी बार फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल में सबालेंका का सामना एलिना रायबकिना से होगा।रॉड लेवर एरीना में खेले गए इस मुकाबले में सबालेंका शुरू से ही पूरी तरह हावी रहीं और महज एक घंटे से थोड़े अधिक समय में मुकाबला अपने नाम कर लिया।
बेलारूस की इस स्टार खिलाड़ी ने अपनी ताकतवर ग्राउंड स्ट्रोक्स और सटीक सर्विस के दम पर स्वितोलिना को वापसी का कोई मौका नहीं दिया और तीसरे ऑस्ट्रेलियन ओपन खिताब की ओर एक और कदम बढ़ाया। सबालेंका ने पहले सर्व पर 67 प्रतिशत और दूसरे सर्व पर 79 प्रतिशत अंक जीतकर मैच की एकतरफा तस्वीर साफ कर दी। इसके मुकाबले स्वितोलिना पहले सर्व पर 56 प्रतिशत और दूसरे सर्व पर 50 प्रतिशत अंक ही जीत सकीं।
यूक्रेनी खिलाड़ी ने मैच में तीन डबल फॉल्ट भी किए।शीर्ष वरीय सबालेंका ने 7 में से 4 ब्रेक पॉइंट का सफलतापूर्वक फायदा उठाया, जबकि स्वितोलिना को 4 में से सिर्फ 1 ब्रेक पॉइंट मिला। कुल अंकों की बात करें तो दो बार की चैंपियन सबालेंका ने 65 अंक जीते, जबकि स्वितोलिना 46 अंक ही जुटा सकीं।
मैच के बाद सबालेंका ने कहा,यह एक शानदार उपलब्धि है, लेकिन काम अभी पूरा नहीं हुआ है। जीत से बहुत खुश हूं। वह बेहद मजबूत प्रतिद्वंद्वी हैं। मैंने पूरे टूर्नामेंट में उनका खेल देखा था और मुझे पता था कि मुझे उन पर लगातार दबाव बनाना होगा। आज मेरा स्तर शानदार रहा और सीधे सेटों में जीत हासिल कर पाई।गौरतलब है कि सबालेंका को 2023 के फाइनल में मैडिसन कीज से हार का सामना करना पड़ा था।
अब वह शनिवार को फाइनल में रायबकिना से भिड़ेंगी, जिन्होंने दूसरे सेमीफाइनल में जेसिका पेगुला को 6- 3, 7- 6 (9) से हराकर पहली बार खिताबी मुकाबले में जगह बनाई।





