
Alcaraz enters into second Round : कार्लोस अल्काराज के करियर ग्रैंड स्लैम का सपना बुधवार को ऑस्ट्रेलियन ओपन में कड़ी चुनौती से गुजरा, लेकिन स्पेनिश स्टार ने दमदार वापसी करते हुए जर्मनी के यानिक हान्फमैन को सीधे सेटों में हराकर अगले दौर में जगह बना ली। वर्ल्ड नंबर-1 अल्काराज ने 7-6 (4), 6-3, 6-2 से जीत दर्ज की।
रॉड लेवर एरीना में खेले गए इस मुकाबले का पहला सेट अल्काराज के ग्रैंडस्लैम करियर का अब तक का सबसे लंबा ओपनिंग सेट रहा, जो 78 मिनट तक चला। एटीपी रैंकिंग में 102वें स्थान पर मौजूद हान्फमैन ने मजबूत बेसलाइन खेल और सटीक आक्रमण के जरिए अल्काराज़ को कड़ी टक्कर दी।
हान्फमैन ने पहले सेट में 3-1 की बढ़त बनाई और 5-5 पर दो ब्रेक प्वाइंट भी बचाए। टाई-ब्रेक में वह 4-3 से आगे थे, लेकिन इसके बाद अल्काराज ने लगातार चार अंक जीतकर सेट अपने नाम कर लिया। 34 वर्षीय हान्फमैन, जिनकी पिछले हफ्ते मेलबर्न में सगाई हुई थी, इस मुकाबले में इतिहास रचने के करीब पहुंच गए थे। अगर वह जीत जाते, तो वे ग्रैंडस्लैम में अल्काराज को हराने वाले टॉप-100 से बाहर के पहले खिलाड़ी बन जाते।
पहला सेट हारने के बाद भी हान्फमैन ने अच्छा स्तर बनाए रखा, लेकिन अल्काराज़ ने दूसरे और तीसरे सेट में पूरी तरह नियंत्रण हासिल कर लिया। मुकाबले के दौरान हान्फमैन को पेट की मांसपेशियों (ओब्लिक) में चोट की परेशानी भी हुई, जिसके कारण उन्हें दूसरे और तीसरे सेट के बीच फिजियो से इलाज कराना पड़ा। इस जीत के साथ अल्काराज ने ऑस्ट्रेलियन ओपन में लगातार दूसरी सीधी सेटों की जीत दर्ज की और करियर ग्रैंड स्लैम की ओर अपना सफर जारी रखा।






