
Australian Open Entry list:ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 (Australian Open) के लिए जारी एंट्री लिस्ट के मुताबिक, जनवरी में मेलबर्न पार्क (Melbourne Park) में दुनिया के सर्वश्रेष्ठ टेनिस खिलाड़ियों की मजबूत मौजूदगी देखने को मिलेगी। पुरुष वर्ग के टॉप-100 में से 99 खिलाड़ी और महिला वर्ग के टॉप-100 में से 98 खिलाड़ी इस ग्रैंडस्लैम में हिस्सा लेने के लिए तैयार हैं।
पुरुष वर्ग में विश्व नंबर-1 कार्लोस अल्काराज (carlos alcaraz) आकर्षण का केंद्र होंगे। वह ऑस्ट्रेलियन ओपन में अपने करियर ग्रैंड स्लैम को पूरा करने के लक्ष्य के साथ उतरेंगे। हालांकि, मेलबर्न पार्क में वह अब तक क्वार्टरफाइनल से आगे नहीं बढ़ पाए हैं। उन्हें कड़ी चुनौती मिलेगी विश्व नंबर-2 जैनिक सिनर से (jannik sinner), जो 2024 और 2025 के ऑस्ट्रेलियन ओपन चैंपियन रह चुके हैं और लगातार तीसरा खिताब जीतने की कोशिश करेंगे। ओपन युग में ऐसा करने वाले अब तक केवल नोवाक जोकोविच ही हैं।
अल्काराज़ और सिनर पिछले तीन ग्रैंड स्लैम फाइनल में आमने-सामने आ चुके हैं, लेकिन ऑस्ट्रेलियन ओपन इकलौता ऐसा मेजर है जहां इन दोनों की भिड़ंत अभी नहीं हुई है। वहीं, 10 बार के ऑस्ट्रेलियन ओपन चैंपियन नोवाक जोकोविच (novak djokovic) विश्व नंबर-4 के रूप में टूर्नामेंट में उतरेंगे। 2025 में चारों ग्रैंड स्लैम के सेमीफाइनल में पहुंचकर वह ओपन युग में ऐसा करने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बने थे।
पुरुष वर्ग में उल्लेखनीय अनुपस्थिति विश्व नंबर-15 होल्गर रूने (Holger Rune) की रहेगी, जो एड़ी की गंभीर चोट से उबर रहे हैं।
महिला वर्ग में दो बार की ऑस्ट्रेलियन ओपन चैंपियन आर्यना सबालेंका (Erina sabalenka)शीर्ष दावेदार होंगी। उनके साथ डिफेंडिंग चैंपियन मैडिसन कीज़, विश्व नंबर-2 इगा स्वियातेक और फ्रेंच ओपन विजेता कोको गॉफ (Coco Gauff) भी खिताब की दौड़ में होंगी।
ऑस्ट्रेलिया की ओर से एलेक्स डी मिनॉर पुरुषों में और माया जॉइंट महिलाओं में घरेलू चुनौती का नेतृत्व करेंगे। पुरुष और महिला एकल ड्रॉ में कुल 128 खिलाड़ी होंगे, जिन्हें वाइल्डकार्ड और क्वालिफायर पूरा करेंगे। क्वालिफाइंग मुकाबले 12 से 15 जनवरी के बीच मेलबर्न पार्क में खेले जाएंगे।






