
हरारे स्पोर्ट्स क्लब पर बुधवार को खेले गए आईसीसी अंडर-19 विश्व कप सेमीफाइनल में भारत ने शानदार बल्लेबाजी प्रदर्शन करते हुए अफगानिस्तान को सात विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। आरोन जॉर्ज के शानदार शतक (115 रन) और आईपीएल स्टार वैभव सूर्यवंशी (68 रन) तथा आयुष म्हात्रे (62 रन) की आक्रामक अर्धशतकीय पारियों की बदौलत भारत ने 310 रन के विशाल लक्ष्य को 41.1 ओवर में हासिल कर लिया। यह अंडर-19 विश्व कप इतिहास में भारत द्वारा किया गया अब तक का सबसे बड़ा सफल रन चेज रहा।
इस जीत के साथ भारत ने 10वीं बार टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बनाई, जहां शुक्रवार को उसका सामना इंग्लैंड से होगा।टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान ने फैसल शिनोजादा (110 रन) और उजैरुल्लाह नियाजई (नाबाद 101 रन) के शतकों की मदद से 50 ओवर में 310 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। हालांकि भारतीय गेंदबाज नियमित अंतराल पर विकेट लेने में जूझते नजर आए।
भारत की शुरुआत बेहद आक्रामक रही। वैभव सूर्यवंशी ने अपने चिर-परिचित अंदाज में चौकों-छक्कों की बरसात करते हुए रन गति को तेज बनाए रखा। उन्हें किस्मत का भी साथ मिला जब 22 रन पर उनका कैच छूट गया। सूर्यवंशी ने तेज गेंदबाज नूरिस्तानी उमरजई की गेंद पर हेलीकॉप्टर शॉट लगाकर दर्शकों को रोमांचित किया। वह 33 गेंदों में 68 रन बनाकर आउट हुए और पहले विकेट के लिए 93 रन की साझेदारी समाप्त हुई।इसके बाद आरोन जॉर्ज ने आयुष म्हात्रे के साथ पारी को संभालते हुए आक्रामक रुख अपनाया। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 114 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की और भारत को 27वें ओवर में 200 रन के पार पहुंचाया।
म्हात्रे ने टूर्नामेंट में अपनी लय वापस पाते हुए जिम्मेदारी भरी अर्धशतकीय पारी खेली। म्हात्रे के आउट होने के बाद भी आरोन ने संयम नहीं खोया और ‘एंकर’ की भूमिका निभाते हुए शतक पूरा किया। उन्होंने 104 गेंदों में 15 चौके और दो छक्कों की मदद से यह उपलब्धि हासिल की। बाद में विहान मल्होत्रा के साथ तीसरे विकेट के लिए 96 रन जोड़कर भारत को जीत के करीब पहुंचाया। आरोन 40वें ओवर में आउट हो गए, लेकिन तब भारत को जीत के लिए केवल 11 रन चाहिए थे। टीम ने आसानी से लक्ष्य हासिल कर फाइनल में जगह पक्की कर ली।






