
PKF Banned Rajpoot: पाकिस्तान के अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी उबैदुल्लाह राजपूत पर पाकिस्तान कबड्डी महासंघ (पीकेएफ) ने अनिश्चितकालीन प्रतिबंध लगा दिया है। यह कार्रवाई इस महीने की शुरुआत में एक निजी अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में बिना अनुमति विदेश यात्रा करने और वहां भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करने के आरोपों के बाद की गई है। महासंघ ने शनिवार को आपात बैठक बुलाकर इस मामले पर विचार किया और कड़ा फैसला लिया।
पीकेएफ के अनुसार, राजपूत ने महासंघ या किसी अन्य संबंधित प्राधिकरण से आवश्यक अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) प्राप्त किए बिना बहरीन में आयोजित निजी प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। यही नहीं, प्रतियोगिता के दौरान वह भारतीय टीम की जर्सी में नजर आए और एक मुकाबले में जीत के बाद भारतीय ध्वज को कंधों पर ओढ़े हुए भी दिखाई दिए। इन घटनाओं के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुईं, जिसके बाद मामला तूल पकड़ गया।
पीकेएफ के सचिव राणा सरवर ने कहा कि महासंघ ने इस पूरे घटनाक्रम को बेहद गंभीरता से लिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी खिलाड़ी के लिए बिना एनओसी के विदेश जाकर खेलना नियमों का उल्लंघन है, और इस मामले में यह उल्लंघन और भी गंभीर हो गया क्योंकि खिलाड़ी ने भारत की टीम का प्रतिनिधित्व किया। हालांकि, उन्होंने यह भी बताया कि राजपूत को अनुशासनात्मक समिति के समक्ष अपील करने का पूरा अधिकार दिया गया है।
राजपूत ने अपने बचाव में कहा है कि यह पूरी घटना एक गलतफहमी का नतीजा थी। उनके अनुसार, उन्हें बहरीन में आयोजित प्रतियोगिता में एक निजी टीम के लिए खेलने का निमंत्रण मिला था और उन्हें यह नहीं बताया गया था कि उस टीम का नाम ‘भारतीय टीम’ होगा। उन्होंने दावा किया कि जब उन्हें इस बारे में जानकारी मिली तो उन्होंने आयोजकों से भारत और पाकिस्तान के नाम का इस्तेमाल न करने का आग्रह भी किया था।




