Fery beats cobolli in first round: ब्रिटेन के क्वालीफायर खिलाड़ी आर्थर फेरी ने रविवार को 2026 ऑस्ट्रेलियन ओपन के पहले ही दिन बड़ा उलटफेर कर सभी को चौंका दिया। इस ब्रिटिश खिलाड़ी ने 20वीं वरीयता प्राप्त इटली के फ्लावियो कोबोली को 7-6(1), 6-4, 6-1 से हराया।
मैच के बाद फेरी ने कहा, विंबलडन के अलावा किसी ग्रैंड स्लैम के मुख्य ड्रॉ में यह मेरी पहली मौजूदगी थी और इतने शानदार कोर्ट और दर्शकों के सामने खेलना यादगार रहा। 23 वर्षीय फेरी ने अपने तीन टूर-लेवल जीत में से दो ग्रैंड स्लैम स्तर पर हासिल की हैं। पिछले साल विंबलडन में उन्होंने एलेक्सी पोपिरिन को हराकर सबको चौंका दिया था। दिलचस्प बात यह है कि तब भी पोपिरिन 20वीं वरीयता प्राप्त थे, ठीक वैसे ही जैसे इस बार कोबोली।
स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी से पढ़े फेरी ने दो घंटे 12 मिनट चले मुकाबले में शानदार शॉट्स लगाए और 10 में से 6 ब्रेक पॉइंट्स का फायदा उठाया। कोबोली को मैच के दौरान पेट की समस्या के कारण मेडिकल टाइम-आउट लेना पड़ा और वह अपनी लय नहीं पकड़ पाए।
अब फेरी का अगला मुकाबला मियोमिर केचमानोविच या टोमास मार्टिन एचेवेरी से होगा। कोबोली हाल ही में इटली को लगातार तीसरी बार डेविस कप जिताने वाली टीम का हिस्सा थे। उन्होंने फाइनल में स्पेन के खिलाफ निर्णायक जीत दिलाई थी और सेमीफाइनल में बेल्जियम के ज़िज़ू बर्ग्स के खिलाफ सात मैच पॉइंट बचाए थे।
उधर, तीसरी वरीयता प्राप्त जर्मनी के एलेक्जेंडर ज्वेरेव ने कनाडा के गैब्रियल डायलो के खिलाफ शुरुआती मुश्किलों के बावजूद 6-7(1), 6-1, 6-4, 6-2 से जीत दर्ज की। ज्वेरेव ने कहा, ड्रॉ देखकर मैं खुश नहीं था। वह युवा, प्रतिभाशाली और बेहद आक्रामक खिलाड़ी है। पहला सेट अच्छा नहीं रहा, लेकिन बाद में मैंने लय पकड़ ली। 40वां ग्रैंड स्लैम खेल रहे ज्वेरेव की सर्विस बेहद प्रभावशाली रही। उन्होंने 15 ऐस लगाए और सिर्फ एक डबल फॉल्ट किया। तीसरे सेट में उन्होंने 86% पहली सर्विस सफल की और 95% अंक जीते।






