Allटेनिस
Trending

Australian Open 2026: कार्लोस अल्काराज और एरिना सबालेंका को मिली शीर्ष वरीयता

Australian Open : ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 के लिए पुरुष और महिला सिंगल्स एकल वर्ग की मुख्य ड्रॉ गुरुवार को घोषित किए जाएंगे। इससे पहले साल के पहले ग्रैंडस्लैम के लिए स्पेन के कार्लोस अल्काराज और बेलारूस की एरिना सबालेंका को शीर्ष वरीयता (टॉप सीड) दी गई है। पुरुष सिंगल्स के वर्ग में मौजूदा चैंपियन जैनिक सिनर को दूसरी वरीयता मिली है।

यदि अल्काराज और सिनर टूर्नामेंट में जीत दर्ज करते हुए आगे बढ़ते हैं, तो दोनों की भिड़ंत केवल फाइनल में ही संभव होगी। ऐसा होने पर यह लगातार चौथा ग्रैंड स्लैम फाइनल होगा जिसमें इटली और स्पेन के ये दोनों स्टार खिलाड़ी आमने-सामने होंगे और ऑस्ट्रेलियन ओपन में उनकी यह पहली भिड़ंत होगी।

महिला वर्ग में सबालेंका, इगा स्वियातेक और कोको गॉफ लगातार दूसरे साल शीर्ष तीन वरीय खिलाड़ी हैं। 2025 में स्वियातेक और सबालेंका के बीच नंबर-1 बनाम नंबर-2 फाइनल होते-होते रह गया था। उस मुकाबले को अमेरिकी खिलाड़ी मैडिसन कीज़ ने सेमीफाइनल में स्वियातेक को हराकर रोक दिया और फिर फाइनल में सबालेंका को मात देकर अपना पहला ग्रैंड स्लैम खिताब जीता। कीज इस बार डिफेंडिंग चैंपियन और नौवीं वरीय के रूप में लौट रही हैं। वह टॉप-10 में शामिल चार अमेरिकी महिला खिलाड़ियों में से एक हैं।

पुरुष वर्ग में अलेक्जेंडर ज्वेरेव तीसरी वरीयता पर हैं, जबकि 10 बार के चैंपियन नोवाक जोकोविच अपने 21वें ऑस्ट्रेलियन ओपन अभियान में चौथी वरीयता के साथ उतरेंगे। लोरेंजो मुसेटी टॉप-5 में शामिल नए खिलाड़ी हैं। अन्य ग्रैंड स्लैम विजेताओं में एलेना रिबाकिना, नाओमी ओसाका, एम्मा राडुकानू, मार्केटा वोंद्रोसोवा और सोफिया केनिन भी वरीयता सूची में शामिल हैं।
पुरुष वर्ग में टॉप-4 के बाहर केवल डेनिल मेदवेदेव ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्होंने पहले ग्रैंड स्लैम खिताब जीता है।

Related Articles

Back to top button