
Aus vs Eng 3rd Ashes Test : अपने पसंदीदा घरेलू मैदान एडिलेड ओवल पर ट्रेविस हेड ने एक बार फिर बल्ले से इतिहास रच दिया। तीसरे एशेज टेस्ट के तीसरे दिन हेड की नाबाद 142 रन की शानदार पारी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड पर शिकंजा कसते हुए 356 रन की विशाल बढ़त हासिल कर ली। स्टंप्स तक ऑस्ट्रेलिया ने चार विकेट पर 271 रन बना लिए थे, जिसमें एलेक्स कैरी 52 रन बनाकर हेड का बेहतरीन साथ निभा रहे थे। दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए 122 रन की अटूट साझेदारी हो चुकी थी।हेड के लिए यह पारी कई मायनों में खास रही। यह उनके टेस्ट करियर का 11वां शतक था और ओपनर के रूप में दूसरा। खास बात यह रही कि एडिलेड में यह उनका लगातार चौथा टेस्ट शतक रहा, जिसके साथ ही उन्होंने डॉन ब्रैडमैन, वैली हैमंड, माइकल क्लार्क और स्टीव स्मिथ जैसे दिग्गजों की बराबरी कर ली। शतक पूरा करने के बाद हेड ने हेलमेट और ग्लव्स उतारकर पिच को चूमा और घुटनों के बल बैठकर जश्न मनाया, जो उनके इस मैदान से खास लगाव को दर्शाता है।हेड को 99 रन पर बड़ा जीवनदान भी मिला, जब जोफ्रा आर्चर की गेंद पर हैरी ब्रूक गली में कैच नहीं लपक सके। इसके बाद उन्होंने संयम दिखाया और जो रूट की गेंद पर लांग ऑन के ऊपर से चौका जड़कर शतक पूरा किया। आठ गेंदों तक 99 पर अटके रहने के बाद यह आक्रामक अंदाज पूरी तरह ‘ट्रैवबाल’ की झलक था।इससे पहले इंग्लैंड की पहली पारी 286 रन पर सिमट गई थी। बेन स्टोक्स (83) और जोफ्रा आर्चर (50) ने नौवें विकेट के लिए 106 रन जोड़कर संघर्ष जरूर दिखाया, लेकिन मिशेल स्टार्क ने स्टोक्स को बोल्ड कर साझेदारी तोड़ दी। लंबी बल्लेबाजी का असर इंग्लैंड के गेंदबाजों पर साफ दिखा और दूसरी पारी में वे बेअसर नजर आए। मजबूत बढ़त और हेड की शानदार फॉर्म को देखते हुए फिलहाल मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया का पलड़ा भारी दिखाई दे रहा है।






