
ऑस्ट्रेलिया के महान बल्लेबाज़ सर डॉन ब्रैडमैन द्वारा भारत के खिलाफ 1947-48 की टेस्ट सीरीज में पहनी गई मशहूर ‘बैगी ग्रीन’ कैप नीलामी में 4.12 करोड़ रुपये (लगभग 4.6 लाख डॉलर) में बिक गई। यह अब तक ब्रैडमैन द्वारा पहनी गई किसी भी कैप के लिए हासिल की गई सबसे ऊंची कीमत है। यह ऐतिहासिक कैप ब्रैडमैन ने भारतीय क्रिकेटर श्रीरंग वासुदेव सोहोनी को उपहार में दी थी। सोहोनी परिवार ने इसे पिछले 75 वर्षों तक बेहद सुरक्षित तरीके से संभालकर रखा।
लॉयड्स ऑक्शनियर्स एंड वैल्यूअर्स के मुख्य परिचालन अधिकारी ली हैम्स ने बताया, यह तीन पीढ़ियों तक ताले में बंद रखी गई थी। परिवार के किसी सदस्य को 16 साल की उम्र के बाद भी इसे सिर्फ पांच मिनट देखने की अनुमति मिलती थी।यह कैप एक गुमनाम खरीदार ने खरीदी है और स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इसे अब ऑस्ट्रेलिया के एक संग्रहालय में प्रदर्शित किया जाएगा। कैप के अंदर ‘D.G. Bradman’ और ‘S.W. Sohoni’ के नाम खुदे हुए हैं और यह अच्छी स्थिति में है।
गौरतलब है कि 2024 में ब्रैडमैन की एक अन्य कैप, जो धूप से फीकी पड़ चुकी थी और कीड़ों से क्षतिग्रस्त थी, नीलामी में करीब 2.6 करोड़ रुपये (3.11 लाख डॉलर) में बिकी थी।डॉन ब्रैडमैन को क्रिकेट इतिहास का सर्वकालिक महान बल्लेबाज़ माना जाता है। उन्होंने 52 टेस्ट मैच खेले और 99.94 की औसत से रन बनाए, जो किसी भी अन्य बल्लेबाज से लगभग 40 रन अधिक है।






