
Ashes Fifth Test: सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर सोमवार को पांचवें और अंतिम एशेज टेस्ट के दूसरे दिन जो रूट के शानदार 41वें टेस्ट शतक के बावजूद एशेज सीरीज में एक बार फिर ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को निर्णायक बढ़त बनाने से रोक दिया। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया ने दो विकेट पर 166 रन बना लिए थे और वह इंग्लैंड के 384 रन के जवाब में अब भी 218 रन पीछे है। ट्रेविस हेड (नाबाद 91) और मार्नस लाबुशेन (48) ने दूसरे विकेट के लिए 105 रन की अहम साझेदारी कर मेजबान टीम की वापसी कराई।
रूट का यह शतक उनके करियर का 41वां टेस्ट सैकड़ा था, जिससे वह रिकी पोंटिंग के बराबर आ गए हैं। अब उनसे आगे सिर्फ सचिन तेंदुलकर (51) और जैक कैलिस (45) हैं। यह 2021 के बाद रूट का 24वां टेस्ट शतक भी रहा।
इंग्लैंड ने दिन की शुरुआत 211/3 से की थी। हैरी ब्रूक (84) जल्दी आउट हो गए, जबकि कप्तान बेन स्टोक्स एक बार फिर मिचेल स्टार्क का शिकार बने और खाता भी नहीं खोल सके। रूट ने हालांकि जेमी स्मिथ के साथ पारी को संभाला और दूसरे टेस्ट शतक तक पहुंचे। लंच से ठीक पहले स्मिथ के आउट होने से इंग्लैंड की रफ्तार थमी। लंच के बाद रूट ने 150 रन पूरे किए, लेकिन निचले क्रम का साथ नहीं मिला और इंग्लैंड की पूरी टीम 384 रन पर सिमट गई।
जवाब में ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत संभली हुई रही। ट्रैविस हेड और जेक वेदराल्ड ने ठोस शुरुआत दी। वेदराल्ड के आउट होने के बाद हेड और लाबुशेन ने इंग्लैंड के गेंदबाजों पर दबाव बनाया। दोनों ने ड्राइव और आक्रामक शॉट्स से रन बटोरे। लाबुशेन के आउट होने से साझेदारी टूटी, लेकिन हेड नाबाद रहते हुए टीम को मजबूत स्थिति में ले गए। हल्की बारिश के कारण दिन का खेल समय से पहले समाप्त हुआ।





