
Ashes Series : इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) एशेज सीरीज के दौरान अपने खिलाड़ियाें के ज्यादा शराब पीने की जांच कर रहा है। अब इसकी बड़ी वजह सामने आई है। दरअसल, मंगलवार को सामने आए एक वीडियो में सलामी बल्लेबाज बेन डकेट कथित तौर पर होटल वापस जाने का रास्ता भूलते नजर आए। वीडियो में बातचीत के दौरान वह भ्रमित दिखाई देते हैं। इसके अलावा सोशल मीडिया पर एक अन्य क्लिप में बल्लेबाज जैकब बेथेल को एक क्लब में नाचते हुए देखा गया, जबकि उन्होंने अब तक सीरीज में कोई मैच नहीं खेला है।
पुरुष क्रिकेट टीम के प्रबंध निदेशक रॉब की ने स्पष्ट किया है कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एशेज सीरीजके दौरान खिलाड़ियों द्वारा अत्यधिक शराब सेवन की खबरों की जांच की जा रही है।
पांच मैचों की एशेज सीरीज में इंग्लैंड पहले ही शुरुआती तीन टेस्ट हार चुका है, जिससे ऑस्ट्रेलिया ने ट्रॉफी बरकरार रख ली है। इसी दौरान, दूसरे और तीसरे टेस्ट के बीच मिले ब्रेक में इंग्लैंड की टीम ब्रिस्बेन के उत्तर में स्थित नूसा शहर के एक रिसॉर्ट में चार रातों के लिए ठहरी थी। यह दौरा टीम के तय कार्यक्रम का हिस्सा था, लेकिन यहीं से विवाद की शुरुआत हुई।
इन घटनाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने कहा कि वह ऑनलाइन प्रसारित सामग्री से अवगत है, लेकिन तथ्यों की पुष्टि से पहले कोई टिप्पणी नहीं करेगा। रॉब की ने भी दो टूक कहा कि यदि खिलाड़ियों द्वारा जरूरत से ज्यादा शराब पीने की बात सही पाई जाती है, तो यह अस्वीकार्य होगा और इसकी जांच जरूरी है।
उन्होंने यह भी याद दिलाया कि एशेज से पहले न्यूजीलैंड दौरे के दौरान भी ऐसी रिपोर्ट्स सामने आई थीं, जिनकी जांच की गई थी। की ने कहा कि खिलाड़ियों के लिए रात के खाने में सीमित मात्रा में शराब स्वीकार्य हो सकती है, लेकिन अनुशासनहीनता या अति किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।




