क्रिकेट

Ashes : एशेज में करारी हार के बाद ब्रेंडन मैकुलम का भविष्य खतरे में !

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एशेज सीरीज़ में 0-3 से पिछड़ने और शुरुआती तीन टेस्ट में ही श्रृंखला गंवाने के बावजूद इंग्लैंड के मुख्य कोच ब्रेंडन मैकुलम (Brendon McCullum) ने साफ किया है कि वह अपने पद पर बने रहना चाहते हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि इस निराशाजनक प्रदर्शन के बाद उनका भविष्य अब पूरी तरह उनके हाथ में नहीं है।

मैकुलम, जिनका इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (England and Wales Cricket Board) के साथ अनुबंध 2027 वनडे विश्व कप तक है, ने पत्रकारों से कहा कि कोच बने रहने का फैसला अन्य लोगों को करना है। उन्होंने कहा, “मुझे नहीं पता कि आगे क्या होगा। यह सवाल मेरे लिए नहीं, बल्कि किसी और के लिए है। मेरा काम सिर्फ अपनी भूमिका को ईमानदारी से निभाना है।”

न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान ने कोचिंग को “बेहतरीन काम” बताते हुए कहा कि तमाम आलोचनाओं के बावजूद वह खिलाड़ियों के साथ काम करने और उनसे सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन निकलवाने को लेकर उत्साहित हैं। उनके अनुसार, दुनिया भर में घूमते हुए आक्रामक और रोमांचक क्रिकेट खेलने की कोशिश करना उनके लिए प्रेरणादायक अनुभव है।

इंग्लैंड के मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मैकुलम का मानना है कि उनके कार्यकाल में टीम ने कुछ क्षेत्रों में प्रगति की है। गौरतलब है कि पहले उन्हें केवल टेस्ट टीम का कोच बनाया गया था, लेकिन इस साल की शुरुआत में सीमित ओवरों की टीम की जिम्मेदारी भी उन्हें सौंप दी गई।
इंग्लैंड का ऑस्ट्रेलिया में रिकॉर्ड लगातार चिंता का विषय बना हुआ है। टीम पिछले 18 टेस्ट मैचों से वहां जीत दर्ज नहीं कर पाई है और आखिरी बार 2010-11 में श्रृंखला अपने नाम की थी।

इसी बीच, ईसीबी के प्रबंध निदेशक रॉब की (Rob Key) ने उन आरोपों की जांच का भरोसा दिलाया है, जिनमें कहा गया है कि एशेज के दौरान मिले ब्रेक में कुछ खिलाड़ियों ने अत्यधिक शराब का सेवन किया। BBC की रिपोर्ट्स के अनुसार, यह मामला तब सामने आया जब टीम 0-2 से पीछे थी और खिलाड़ियों ने क्वींसलैंड के नूसा में चार दिन बिताए थे। हालांकि, रॉब की ने कहा कि अब तक जो जानकारी मिली है, उसके मुताबिक खिलाड़ियों का व्यवहार ठीक था, फिर भी आरोपों की जांच की जाएगी।

Related Articles

Back to top button