Allहॉकी

Marijne returns: नीदरलैंड्स के मारिन फिर बने महिला हॉकी टीम के कोच, मार्च में होगा पहला बड़ा इम्तिहान

हरेंद्र सिंह के पद छोड़ने के बाद भारतीय महिला हॉकी टीम को नया कोच मिल गया है। पांच साल बाद नीदरलैंड्स के सोर्ड मारिन को फिर से महिला हॉकी टीम के मुख्य कोच नियुक्त किया गया। मारिन वही कोच हैं, जिनके रहते भारतीय महिला टीम टोक्यो ओलंपिक में चौथे स्थान पर रही थी। हरेंद्र सिंह पर कई सीनियर खिलाड़ियों ने दुर्व्यवहार के आरोप लगाए थे, जिसके बाद उन्हें इस्तीफा देना पड़ा था।

पूर्व हॉकी खिलाड़ी 51 वर्षीय मारिन 2017 से 2021 तक भारतीय महिला टीम से जुड़े रहे। उन्होंने पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए तोक्यो ओलंपिक खेलों के तुरंत बाद पद छोड़ दिया। मारिन के पिछले कार्यकाल के दौरान भारत विश्व रैंकिंग के शीर्ष 10 में शामिल हुआ था। मारिन के अलावा मातियास विला को विश्लेषणात्मक कोच नियुक्त किया गया है। कोचिंग स्टाफ में वेन लोम्बार्ड की भी वापसी हो रही है, जो वैज्ञानिक सलाहकार और खेल प्रदर्शन प्रमुख के रूप में कार्य करेंगे।

मारिन ने कहा, भारत वापस आकर बहुत अच्छा लग रहा है। मैं नई ऊर्जा और स्पष्ट दृष्टिकोण के साथ इस पद पर लौटा हूं ताकि टीम को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकूं और खिलाड़ियों को विश्व स्तर पर अपनी पूरी क्षमता से प्रदर्शन करने में मदद कर सकूं। मुख्य कोच के रूप में मारिन की पहली बड़ी चुनौती आठ से 14 मार्च तक हैदराबाद में होने वाला महिला विश्व कप क्वालीफायर टूर्नामेंट होगा।

Related Articles

Back to top button