
नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में मंगलवार से शुरू हो रहे इंडिया ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट के ड्रॉ सोमवार को घोषित किए गए। मलेशिया ओपन के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली भारत की सबसे बड़ी उम्मीद पीवी सिंधू पहले दौर में वियतनाम की गुयेन थुई लिन्ह से भिड़ेंगी तो पुरुष सिंगल्स में लक्ष्य सेन का सामना हमवतन आयुष शेट्टी से होगा।
घरेलू कोर्ट पर पिछले 15 सालों में कुछ ही भारतीय ही खिताब जीत पाए हैं, ऐसे में इस बार भारतीय सितारों पर इस उपलब्धि को दोहराने का दबाव होगा।
सिंधू 2017 में यहां चैंपियन रही है और वह इस बार चैंपियन बनने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगी। महिला सिंगल्स में सिंधू के अलावा भारतीय चुनौती मालविका बंसोड पर भी निर्भर रहेगी जिनका सामना चीनी ताइपे की पाई यू पो से होगा।
भारत की पोडियम पर पहुंचने की सबसे अच्छी उम्मीदें एक बार फिर सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की पुरुष डबल्स जोड़ी पर रहेंगी। यह जोड़ी इस टूर्नामेंट में दो बार फाइनल में पहुंची है और उसने 2022 में खिताब जीता था। भारतीय जोड़ी मलेशिया ओपन के क्वार्टर फाइनल में हार गई थी और वह यहां उसकी भरपाई करने की कोशिश करेंगे। महिला डबल्स में त्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद का मुकाबला थाईलैंड की ओर्निचा जोंगसाथापोर्नपर्न और सुकिता सुवाचाई से होगा।






