Novak Djokovic storm into 4th round: मेलबर्न में नोवाक जोकोविच का रिकॉर्ड अभियान जारी है। 10 बार के ऑस्ट्रेलियन ओपन चैंपियन ने डच खिलाड़ी बोटिक वान डे जैंडशुल्प को 6-3, 6-4, 7-6(4) से हराकर टूर्नामेंट के चौथे दौर में जगह बना ली। इस जीत के साथ जोकोविच ने मेलबर्न पार्क में अपनी 102वीं जीत दर्ज की और रोजर फेडरर के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। साथ ही वह ग्रैंड स्लैम इतिहास में 400 मैच जीतने वाले पहले खिलाड़ी भी बन गए।
25वें ग्रैंड स्लैम खिताब की ओर बढ़ रहे जोकोविच ने कहा कि वह शानदार महसूस कर रहे हैं, लेकिन पिछले अनुभवों से सीख लेते हुए वह जल्दबाज़ी में उत्साहित नहीं होना चाहते। तीसरे सेट में गिरने और पैर में छाले के इलाज के बावजूद उन्होंने संयम बनाए रखा और टाईब्रेक में जीत दर्ज की। अब उनका सामना याकुब मेंसिक या इथन क्विन से होगा।
महिला सिंगल्स में बड़ा झटका तब लगा जब दो बार की ऑस्ट्रेलियन ओपन चैंपियन नाओमी ओसाका ने तीसरे दौर से पहले टूर्नामेंट से नाम वापस ले लिया। ओसाका ने बताया कि उन्हें बाएं पेट में चोट है और आगे खेलना जोखिम भरा हो सकता था। उन्होंने कहा कि वह जल्द स्वस्थ होकर कोर्ट पर लौटना चाहती हैं।






