
Italy vs Nepal: मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में गुरुवार को इटली ने पुरुष टी20 विश्व कप में इतिहास रचते हुए नेपाल को 10 विकेट से करारी शिकस्त दी और टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की। यह विश्व कप में इटली का सिर्फ दूसरा मुकाबला था और उसने बेहद पेशेवर प्रदर्शन करते हुए 7.2 ओवर शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया।
पहले गेंदबाजी करते हुए इटली के स्पिनरों ने नेपाल की बल्लेबाजी को पूरी तरह जकड़ लिया। बेन मैनेंटी (2/9) और क्रिशन कालुगामागे (3/18) की सटीक गेंदबाजी के सामने नेपाली बल्लेबाज 123 रन पर सिमट गए। जे जे स्मट्स ने भी कसी हुई गेंदबाजी करते हुए एक विकेट लिया। इटली के गेंदबाजों ने बेहतरीन क्षेत्ररक्षण के साथ एक भी आसान मौका नहीं छोड़ा और नेपाल पर लगातार दबाव बनाए रखा।
124 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरे एंथनी मोस्का (62* रन, 32 गेंद) और जस्टिन मोस्का (60* रन, 44 गेंद) ने नाबाद शतकीय साझेदारी कर मुकाबला एकतरफा बना दिया। दोनों भाइयों ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए नेपाल के गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया। एंथनी ने छह छक्के और तीन चौके लगाए, जबकि जस्टिन ने तीन छक्के और पांच चौके जड़े। इटली ने लगभग 10 रन प्रति ओवर की दर से रन बनाते हुए लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया।
नेपाल ने इसी मैदान पर इंग्लैंड को कड़ी टक्कर दी थी, लेकिन इस मुकाबले में उम्मीदों पर खरा नहीं उतर सका। उनकी बल्लेबाजी और रणनीति दोनों कमजोर साबित हुईं। स्टार स्पिनर संदीप लामिछाने को देर से गेंदबाजी पर लाना भी टीम को भारी पड़ा।यह जीत इटली के लिए ऐतिहासिक रही, जिसने दिखाया कि वह बड़े मंच पर प्रतिस्पर्धा करने की क्षमता रखता है।






