
Pretoria Capitals strom into Final: डरबन में खेले गए SA20 के पहले क्वालीफायर मुकाबले में प्रिटोरिया कैपिटल्स ने सनराइजर्स ईस्टर्न केप को सात विकेट से हराकर दूसरी बार टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बना ली। इस जीत के नायक रहे ब्राइस पार्सन्स और डेवाल्ड ब्रेविस, जिन्होंने गेंद और बल्ले दोनों से शानदार प्रदर्शन किया।
पहले गेंदबाजी करते हुए कैपिटल्स ने सनराइजर्स को 20 ओवर में 170/7 के स्कोर पर रोक दिया। ब्राइस पार्सन्स ने डेथ ओवर्स में घातक गेंदबाजी करते हुए 3 ओवर में सिर्फ 10 रन देकर 3 विकेट चटकाए। उनकी इस कसी हुई गेंदबाजी ने सनराइजर्स की तेज़ रन गति पर पूरी तरह से ब्रेक लगा दिया।सनराइजर्स की ओर से क्विंटन डी कॉक और जॉनी बेयरस्टो ने ठोस शुरुआत दिलाई। पहले चार ओवरों में दोनों ने दो-दो चौके लगाए, जबकि डी कॉक ने रॉस्टन चेज की गेंद पर छक्का भी जड़ा। हालांकि चेज ने डी कॉक को स्वीप शॉट पर आउट कर पहली सफलता दिलाई। इसके बाद बेयरस्टो ने जॉर्डन हरमैन के साथ मिलकर 81 रन की अहम साझेदारी की।
बेयरस्टो ने 35 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और स्पिन के खिलाफ रिवर्स स्वीप का अच्छा इस्तेमाल किया।14 ओवर के बाद सनराइजर्स का स्कोर 125/2 था और वे 200 के करीब पहुंचने की कोशिश में थे, लेकिन तभी पार्सन्स का कहर टूटा। उन्होंने 15वें, 17वें और 19वें ओवर में विकेट निकालकर सनराइजर्स की रफ्तार तोड़ दी। हरमैन 41 रन बनाकर बोल्ड हुए, जबकि क्रिस ग्रीन स्टंप आउट हुए और मैथ्यू ब्रेट्ज़की एलबीडब्ल्यू फंसे। जेम्स कोल्स ने अंत में दो चौके और एक छक्का लगाकर स्कोर को 170 तक पहुंचाया, लेकिन यह नाकाफी साबित हुआ।
लक्ष्य का पीछा करते हुए प्रिटोरिया कैपिटल्स को शुरुआती झटका शाई होप के रूप में लगा, लेकिन ब्राइस पार्सन्स ने संयम से पारी संभाली। उन्होंने कवर और पुल शॉट्स से रन बटोरे।
कॉनर एस्टरहुइजन के साथ मिलकर उन्होंने टीम को सातवें ओवर तक 50 रन के पार पहुंचाया। एस्टरहुइजन के आउट होने के बाद मैदान पर आए डेवाल्ड ब्रेविस ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी शुरू की। 10वें ओवर में उन्होंने एनरिक नॉर्टजे की गेंदों पर चौका और छक्का जड़ा। 16वें ओवर तक स्कोर 136/2 हो चुका था। ब्रेविस ने 30 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया, जबकि पार्सन्स ने 40 गेंदों में अपना पचासा लगाया।
हालांकि नॉर्टजे ने पार्सन्स को 60 रन पर आउट कर थोड़ी उम्मीद जगाई, लेकिन ब्रेविस ने लुईस ग्रेगरी के एक ओवर में तीन छक्के जड़कर मैच का अंत कर दिया। ब्रेविस 38 गेंदों में नाबाद 75 रन बनाकर लौटे, जिसमें सात छक्के शामिल थे। पार्सन्स ने 44 गेंदों में 60 रन की अहम पारी खेली।प्रिटोरिया कैपिटल्स ने 18.3 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया और नौ गेंद शेष रहते हुए शानदार जीत दर्ज की।




