Allटेनिस

Adelaide international: 18 साल की रूस की मीरा एंड्रीवा बनी चैंपियन

तीसरी वरीयता प्राप्त रूसी स्टार मीरा एंड्रीवा ने दमदार वापसी करते हुए एडिलेड इंटरनेशनल टेनिस टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया। शनिवार को खेले गए फाइनल में उन्होंने कनाडा की विक्टोरिया एमबोको को 6-3, 6-1 से हराया। शुरुआती सेट में 0-3 से पिछड़ने के बावजूद एंड्रीवा ने लगातार नौ गेम जीतकर मुकाबले पर पूरी तरह कब्जा जमा लिया।यह मुकाबला डब्ल्यूटीए रैंकिंग की शीर्ष 20 में शामिल, लेकिन 20 वर्ष से कम उम्र की दो खिलाड़ियों के बीच खेला गया।

18 वर्षीय एंड्रीवा और 19 वर्षीय एमबोको के बीच यह फाइनल युवा जोश और आक्रामक टेनिस का शानदार नमूना रहा।एमबोको ने पहले सेट में तेज शुरुआत करते हुए 3-0 की बढ़त बना ली थी, लेकिन इसके बाद एंड्रीवा ने लय पकड़ते हुए एकतरफा खेल दिखाया। उन्होंने अपनी सटीक ग्राउंडस्ट्रोक्स और बेहतरीन मूवमेंट के दम पर विपक्षी खिलाड़ी को वापसी का कोई मौका नहीं दिया। यह एंड्रीवा के करियर का पांचवां डब्ल्यूटीए खिताब रहा।

उधर, ऑकलैंड ओपन एटीपी 250 टूर्नामेंट में तीसरी वरीयता प्राप्त चेक खिलाड़ी जैकब मेनसिक ने अपनी जबरदस्त सर्विस के दम पर खिताब जीता। विश्व रैंकिंग में 18वें स्थान पर मौजूद 20 वर्षीय मेनसिक ने फाइनल में अर्जेंटीना के सेबेस्टियन बाएज को 6-3, 7-6 (7) से हराया।मेनसिक ने पूरे मैच में 18 ऐस लगाए और दूसरे सेट के टाईब्रेक में तीन सेट प्वाइंट बचाकर मानसिक मजबूती का शानदार प्रदर्शन किया। यह उनके करियर का दूसरा एटीपी टूर खिताब रहा

।अब मेनसिक ऑस्ट्रेलियन ओपन में उतरेंगे, जहां पहले दौर में उनका सामना स्पेन के पाब्लो कैरेनो बुस्टा से होगा। वहीं, बाएज—जिन्होंने क्वार्टरफाइनल में शीर्ष वरीयता प्राप्त अमेरिकी खिलाड़ी बेन शेल्टन को हराया था—मेलबर्न में अपने पहले मुकाबले में जियोवानी म्पेटशी पेरिकार्ड से भिड़ेंगे।

Related Articles

Back to top button