Karim BenZema Joins Al Hilal FC: फ्रांस के महान फुटबॉल खिलाड़ी करीम बेंजेमा ने सऊदी प्रो लीग में बड़ा कदम उठाते हुए अल इत्तिहाद को छोड़कर चिर-प्रतिद्वंद्वी क्लब अल हिलाल से करार कर लिया है। इस हाई-प्रोफाइल ट्रांसफर को क्रिस्टियानो रोनाल्डो और उनके क्लब अल नासर के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
पूर्व बैलोन डी’ओर विजेता बेंजेमा का अल हिलाल में जाना सऊदी प्रो लीग की खिताबी दौड़ को और रोमांचक बना देगा। अल हिलाल इस समय लीग तालिका में अल नासर से एक अंक आगे है और बेंजेमा की मौजूदगी ने उसकी खिताबी दावेदारी को और मजबूत कर दिया है।
2022 में सऊदी अरब पहुंचे रोनाल्डो को अब तक अपने पहले लीग खिताब का इंतजार है। अल हिलाल लंबे समय से उनके रास्ते की सबसे बड़ी बाधा रहा है और अब बेंजेमा जैसे अनुभवी और निर्णायक स्ट्राइकर के जुड़ने से यह चुनौती और कठिन हो गई है।
रीयल मैड्रिड के पूर्व स्टार स्ट्राइकर बेंजेमा ने पिछले सीजन में अल इत्तिहाद के लिए शानदार प्रदर्शन किया था। उनकी अगुआई में क्लब ने न सिर्फ सऊदी प्रो लीग का खिताब जीता, बल्कि किंग्स कप भी अपने नाम किया। निर्णायक मैचों में गोल करने की उनकी क्षमता अल हिलाल के लिए बेहद अहम मानी जा रही है।
अल हिलाल सऊदी अरब का सबसे सफल फुटबॉल क्लब है। उसके नाम 21 लीग खिताब और चार एशियाई चैंपियंस लीग ट्रॉफियां दर्ज हैं। पिछले साल क्लब ने क्लब वर्ल्ड कप में मैनचेस्टर सिटी को 4-3 से हराकर वैश्विक स्तर पर भी अपनी ताकत का प्रदर्शन किया था।
बेंजेमा के इस ट्रांसफर से न केवल अल हिलाल की ताकत बढ़ी है, बल्कि रोनाल्डो और अल नासर पर दबाव भी साफ तौर पर बढ़ गया है। सऊदी प्रो लीग की खिताबी जंग अब पहले से कहीं ज्यादा दिलचस्प होती दिख रही है।






