Allक्रिकेट

ILT20: कप्तान सैम कुरन ने डेजर्ट वाइपर्स को पहली बार बनाया चैंपियन

Desert vipers wins ILT 20 trophy: डेजर्ट वाइपर्स ने रविवार रात खचाखच भरे दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में शानदार प्रदर्शन करते हुए एमआई एमिरेट्स को 46 रन से हराकर अपना पहला डीपी वर्ल्ड आइएलटी 20 (ILT20) खिताब जीत लिया। इस जीत के साथ वाइपर्स को 7 लाख अमेरिकी डॉलर (6.3 करोड़ रुपये) की इनामी राशि और प्रतिष्ठित ब्लैक बेल्ट से नवाजा गया, जबकि उपविजेता एमआई एमिरेट्स को 3 लाख डॉलर (2.7 करोड़ रुपये) मिले।

फाइनल मुकाबले में वाइपर्स के कप्तान सैम कुरन ने नाबाद 74 रन (51 गेंद, 8 चौके, 2 छक्के) की बेहतरीन पारी खेली और टीम को 182/4 के मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। उन्हें मैक्स होल्डन (41 रन) और डैन लॉरेंस (23 रन) का अच्छा साथ मिला। गेंदबाजी में नसीम शाह (3/18), उस्मान तारिक (2/20) और खुज़ैमा तनवीर (2/22) ने शुरुआती झटके दिए, जबकि डेविड पेन (3/42) ने एमआई एमिरेट्स की पारी को 136 रन पर समेट दिया।

लक्ष्य का पीछा करते हुए एमआई एमिरेट्स की शुरुआत बेहद खराब रही। पहले छह ओवर में तीन विकेट गिरने से टीम दबाव में आ गई। शाकिब अल हसन और कीरोन पोलार्ड ने कुछ देर संघर्ष किया, लेकिन उस्मान तारिक और नसीम शाह की सटीक गेंदबाजी ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। डेविड पेन ने 18वें ओवर में तीन विकेट लेकर मैच पूरी तरह वाइपर्स के पक्ष में कर दिया।

सैम कुरन ने इस टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए रेड बेल्ट (मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर) और ग्रीन बेल्ट (बेस्ट बैटर) दोनों जीते। उन्होंने पूरे सीजन में 397 रन, सात विकेट और 10 कैच दर्ज किए।
वहीं व्हाइट बेल्ट (बेस्ट बॉलर) दुबई कैपिटल्स के वकार सलामखेल को मिला, जबकि एमआई एमिरेट्स के मोहम्मद वसीम ने लगातार चौथी बार ब्लू बेल्ट (बेस्ट यूएई प्लेयर) अपने नाम किया।

Related Articles

Back to top button