Allटेनिस

Australian Open: ग्रैंडस्लैम में 400वीं जीत से एक कदम दूर जोकोविच, डिफेडिंग चैंपियन मेडिसन कीज भी आगे बढ़ीं

मिक्स्ड डबल्स में खत्म हुआ इंडियन स्टार युकी भांबरी का सफर

Djokovic and madison keys storm into third round: मेलबर्न में खेले जा रहे ऑस्ट्रेलियन ओपन टेनिस टूर्नामेंट में रिकॉर्ड 10 बार के चैंपियन नोवाक जोकोविच ने गुरुवार को दूसरे दौर में शानदार प्रदर्शन करते हुए इटली के फ्रांसेस्को मैस्ट्रेली को 6-3, 6-2, 6-2 से हराकर तीसरे दौर में जगह बना ली। यह ग्रैंडस्लैम में जोकोविच की 399वीं जीत है। वहीं महिला सिंगल्स में डिफेंडिंग चैंपियन मेडिसन कीज ने भी तीसरे राउंड में जगह बना ली।

कोर्ट पर दिखा जोकोविच का दबदबा: 38 वर्षीय सर्बियाई स्टार ने एथेंस में नवंबर में अपना 101वां टूर खिताब जीतने के बाद सिर्फ दूसरा मैच खेलते हुए बेहतरीन फिटनेस और लय का परिचय दिया। उन्होंने पूरे मुकाबले में तेज मूवमेंट और सटीक शॉट्स से दबदबा बनाए रखा। अब जोकोविच ग्रैंड स्लैम में 400 मैच जीत के आंकड़े से सिर्फ एक जीत दूर हैं। यदि वह अगले मुकाबले में बोटिक वान डी जांड्सचुल्प या शांग जुनचेंग को हराते हैं, तो वह ऐसा करने वाले पहले खिलाड़ी बन जाएंगे।

मेलबर्न पार्क में यह जोकोविच का 21वां टूर्नामेंट है। संभावित रूप से क्वार्टर फाइनल में उनकी टक्कर इटली के लोरेंजो मुसेट्टी से और सेमीफाइनल में मौजूदा चैंपियन जैनिक सिनर से हो सकती है। उधर, पांचवीं वरीयता प्राप्त मुसेट्टी ने लोरेंजो सोनेगो को 6-3, 6-3, 6-4 से हराकर अपने सर्वश्रेष्ठ ऑस्ट्रेलियन ओपन प्रदर्शन की बराबरी की।

महिलाओं में डिफेंडिंग चैंपियन कीज ने गुरुवार को दूसरे सेट में कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा लेकिन आखिर में उन्होंने अमेरिकी खिलाड़ी एशलीन क्रूगर को 6-1, 7-5 से हराकर तीसरे राउंड में जगह बनाई। नौवीं वरीयता प्राप्त कीज़ दूसरे सेट में 5-2 से पिछड़ गईं, लेकिन जॉन केन एरिना में उन्होंने जोरदार वापसी करने का शानदार नमूना पेश किया और लगातार पांच अंक हासिल करके जीत दर्ज की। अमेरिका की खिलाड़ियों के बीच खेले गए एक अन्य मुकाबले में छठी वरीयता प्राप्त जेसिका पेगुला ने मैककार्टनी केसलर को 6-0, 6-2 से हराया।

भारत के युकी भांबरी और उनकी अमेरिकी साथी निकोल मेलिचर-मार्टिनेज गुरुवार को मिक्स्ड के पहले दौर में जर्मनी के टिम पुट्ज और चीन की झांग शुआई की जोड़ी से हार गए। भांबरी और मेलिचर-मार्टिनेज को पुट्ज और शुआई की छठी वरीयता प्राप्त जोड़ी से 6-3, 1-6 (10-6) से हार का सामना करना पड़ा।
हालांकि साल के पहले ग्रैंड स्लैम में भांबरी का अभियान अभी खत्म नहीं हुआ है क्योंकि वह पुरुष डबल्स स्पर्धा में मुकाबले में बने हुए हैं।

Related Articles

Back to top button