कनाडा के दिग्गज टेनिस खिलाड़ी मिलोस राओनिक ने सोमवार को सोशल मीडिया के जरिए अपने पेशेवर करियर से संन्यास लेने की घोषणा कर दी। 35 वर्षीय राओनिक ने अपने करियर में दुनिया की तीसरी रैंकिंग तक का सफर तय किया और लंबे समय तक एटीपी टूर पर अपनी दमदार सर्विस और आक्रामक खेल के लिए पहचाने गए।
राओनिक ने ‘एक्स’ पर लिखा, “अब वह समय आ गया है जब मैं टेनिस से संन्यास ले रहा हूं। यह ऐसा पल है जिसके बारे में आप जानते हैं कि एक दिन जरूर आएगा, लेकिन इसके लिए कभी पूरी तरह तैयार महसूस नहीं करते। जितना मैं तैयार हो सकता था, उतना अब हूं। टेनिस मेरे जीवन का प्यार और जुनून रहा है।
उन्होंने आगे कहा, “मैं खुद को बेहद भाग्यशाली मानता हूं कि मुझे अपने सपनों को जीने और पूरा करने का मौका मिला। हर दिन बेहतर बनने की कोशिश करना, यह देखना कि यह मुझे कहां तक ले जाएगा, और उस खेल को खेलना जिसे मैंने आठ साल की उम्र में किस्मत से शुरू किया था , यही मेरी जिंदगी बन गई। यही मेरा बचपन था, फिर मेरा पेशा और आखिरकार मेरा पूरा जीवन।
राओनिक अपने शक्तिशाली सर्व और मजबूत बेसलाइन गेम के लिए मशहूर रहे। उन्होंने एटीपी टूर पर कई यादगार मुकाबले खेले और ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंटों में भी शानदार प्रदर्शन किया। उनका सर्वोच्च करियर रैंकिंग स्थान विश्व नंबर तीन रहा, जो किसी भी खिलाड़ी के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जाती है।
हाल के वर्षों में चोटों के कारण उनका करियर प्रभावित हुआ, लेकिन उन्होंने जब भी कोर्ट पर वापसी की, अपने जुझारूपन से प्रशंसकों का दिल जीता। टेनिस जगत में राओनिक का योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।






