
भारत के युवा तेज गेंदबाज हेनिल पटेल की शानदार गेंदबाजी के दम पर भारतीय अंडर-19 टीम ने गुरुवार को आईसीसी अंडर-19 विश्व कप के अपने पहले मुकाबले में अमेरिका को 35.2 ओवर में सिर्फ 107 रन पर ढेर कर दिया। बारिश से प्रभावित मैच में भारत को 37 ओवर में 96 रन का लक्ष्य मिला, जिसे उसने 118 बॉल शेष रहते हासिल कर लिया। अभिज्ञान कुंडू ने 41 बॉल्स में 42 रन बनाए।
इससे पहले, दाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने सात ओवर में एक मेडन के साथ केवल 16 रन देकर पांच विकेट झटके और अमेरिकी बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।बादलों से घिरे मौसम को देखते हुए भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया।
शुरुआत से ही भारतीय गेंदबाजों ने सटीक लाइन-लेंथ से दबाव बनाया और इसका सबसे बड़ा फायदा हेनिल को मिला। उन्होंने अपने पहले ही ओवर में अमरिंदर गिल को स्लिप में विहान मल्होत्रा के हाथों कैच कराकर भारत को पहली सफलता दिलाई।इसके बाद तेज गेंदबाज दीपेश देवेंद्रन ने साहिल गर्ग (16) को तीसरे मैन पर हेनिल के हाथों कैच आउट कराया। नौ ओवर के भीतर ही अमेरिका का स्कोर दो विकेट पर 29 रन हो गया और टीम दबाव में आ गई।हेनिल ने इसके बाद मैच पर पूरी तरह पकड़ बना ली। उन्होंने कप्तान उत्कर्ष श्रीवास्तव को बिना खाता खोले पवेलियन भेज दिया। उसी ओवर में उन्होंने विकेटकीपर अर्जुन महेश (16) को भी आउट कर दिया, जिससे अमेरिका का स्कोर 35 रन पर चार विकेट हो गया।
अमेरिकी टीम इन शुरुआती झटकों से उबर नहीं पाई। लेग स्पिनर खिलन पटेल ने भी आते ही प्रभाव छोड़ा और अमोघ अरेपल्ली को आउट कर दिया। 16वें ओवर में अमेरिका ने 39 रन पर अपना पांचवां विकेट गंवा दिया।हालांकि नितीश सुदिनी ने कुछ देर संघर्ष किया। उन्होंने 52 गेंदों में 36 रन बनाए, जिसमें चार चौके शामिल थे। उन्होंने अदनीत झाम (18) के साथ छठे विकेट के लिए 30 रन की साझेदारी की और टीम का स्कोर 50 के पार पहुंचाया। लेकिन इसके बाद एक बार फिर हेनिल पटेल ने कहर बरपाया।
उन्होंने निचले क्रम के बल्लेबाज सबरीश प्रसाद (7) और ऋषभ शिंपी (0) को आउट कर अपने पांच विकेट पूरे किए। उनकी घातक गेंदबाजी के सामने अमेरिकी बल्लेबाज पूरी तरह बिखर गए और पूरी टीम 35.2 ओवर में 107 रन पर सिमट गई।




