Royal Rumble: रोमन रेंस ने जीती 30 धुरंधरों की लड़ाई, रिकॉर्ड 11वीं बार रेसलमेनिया के मेन इवेंट का हिस्सा बनेंगे

Roman Regins wins Royal Rumble 2026 : रोमन रेंस एक बार फिर WWE के सबसे बड़े मंच पर छा गए हैं। सऊदी अरब में हुए रॉयल रंबल 2026 में 30-मैन मुकाबला जीतकर ‘द ट्राइबल चीफ’ ने रेसलमेनिया 42 में वर्ल्ड चैंपियनशिप मुकाबले का टिकट हासिल कर लिया है। यह रिकॉर्ड 11वीं बार होगा जब रेंस रेसलमेनिया के मेन इवेंट का हिस्सा बनेंगे।
रॉयल रंबल का फाइनल रोमांचक रहा, जहां आखिरी दो खिलाड़ियों में रेंस और गुंथर आमने-सामने थे। एजे स्टाइल्स को हराकर फाइनल तक पहुंचे गुंथर ने कड़ी टक्कर दी, लेकिन अंत में रेंस ने स्पीयर मारकर उन्हें टॉप रोप के बाहर फेंक दिया और जीत अपने नाम की।
इस जीत के साथ रेंस के पास अब दो विकल्प हैं, वह रेसलमेनिया 42 में या तो ड्रू मैकइंटायर से अनडिस्प्यूटेड WWE चैंपियनशिप के लिए भिड़ सकते हैं या फिर वर्ल्ड हैवीवेट चैंपियन सीएम पंक को चुनौती दे सकते हैं।
मैच में ओबा फेमी का प्रदर्शन भी चर्चा का विषय रहा। नंबर 1 पर एंट्री लेने वाले फेमी ने पांच एलिमिनेशन किए और 39 मिनट तक रिंग में टिके रहे, जो उनके करियर का अब तक का सबसे बड़ा मंच था। हालांकि अंततः ब्रॉक लैसनर ने उनका सफर खत्म किया। एलए नाइट की वापसी ने भी दर्शकों को उत्साहित किया। चोट के बाद लौटे नाइट ने दो बड़े नामों को एलिमिनेट किया, लेकिन कोडी रोड्स के हाथों बाहर हो गए।
वुमेंस रॉयल रंबल में लिव मोर्गन बनीं चैंपियन : लिव मॉर्गन ने शनिवार को सऊदी अरब में आयोजित इसी नाम के प्रीमियम लाइव इवेंट में 29 अन्य सुपरस्टार्स को पछाड़ते हुए 2026 महिला रॉयल रंबल मुकाबला जीत लिया। मैच के अंत में लिव मॉर्गन, टिफनी स्ट्रैटन और सोल रूका आखिरी तीन सुपरस्टार्स बची थीं और तीनों टॉप रोप के बाहर एप्रन पर खतरनाक संघर्ष में उलझी हुई थीं।
सोल रूका ने टॉप रोप से सोल स्नैचर लगाकर टिफ़नी स्ट्रैटन पर हमला करने की कोशिश की, लेकिन स्ट्रैटन ने उसे रिंग के बाहर फेंक दिया। उसी पल मौके को भांपते हुए लिव मॉर्गन ने अपना फिनिशर ऑब्लिवियन लगाया और द सेंटर ऑफ द यूनिवर्स कही जाने वाली टिफनी स्ट्रैटन को रिंग के बाहर गिरा दिया। इस तरह लिव मॉर्गन ने आखिरी महिला के रूप में खुद को साबित करते हुए मुकाबला अपने नाम किया और 2026 महिला रॉयल रंबल की विजेता बनीं।






