दुनिया के दिग्गज फुटबॉलर क्रस्टियानो रोनाल्डो सऊदी प्रो लीग में लगातार दूसरे मैच का बॉयकॉट कर सकते हैं। ईएसपीएन की रिपोर्ट के मुताबिक, अल नास्र के इस दिग्गज खिलाड़ी ने क्लब के संचालन और निवेश को लेकर सऊदी अरब के पब्लिक इन्वेस्टमेंट फंड (PIF) से नाराजगी जताते हुए यह कदम उठाया है।
रोनाल्डो अल नस्र की अल रियाद पर 1-0 की जीत में भी नहीं खेले थे। सूत्रों का कहना है कि यह फैसला पीआईएफ द्वारा अल नस्र में अपेक्षित निवेश न किए जाने और प्रतिद्वंद्वी अल हिलाल को कथित रूप से बढ़त दिलाने के विरोध में लिया गया।
रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि यदि आने वाले हफ्तों में हालात नहीं बदलते, तो रोनाल्डो जून तक क्लब छोड़ सकते हैं, जबकि उनका नया करार 2027 तक प्रभावी है। बताया गया है कि उन्होंने फ्रांसीसी स्टार करीम बेंजेमा के अल इत्तिहाद से अल हिलाल ट्रांसफर का भी विरोध किया, क्योंकि उन्हें लगा कि इससे खिताबी दौड़ प्रभावित होगी।
हालांकि रोनाल्डो ने इस हफ्ते टीम के साथ ट्रेनिंग की और सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा कीं, लेकिन क्लब के आधिकारिक प्लेटफॉर्म पर उनकी मौजूदगी नहीं दिखी। अल नस्र फिलहाल अंक तालिका में अल हिलाल से एक अंक पीछे दूसरे स्थान पर है और शुक्रवार को अल इत्तिहाद से भिड़ेगा।
रिपोर्ट के अनुसार, अल नस्र के खेल निदेशक और सीईओ को निलंबित किए जाने से रोनाल्डो खासे नाराज हैं, जिससे टीम में बड़े खिलाड़ियों की आमद भी प्रभावित हुई। वहीं अल हिलाल को सऊदी कारोबारी अलवलीद बिन तलाल से भारी आर्थिक मदद मिली है।
बताया जा रहा है कि सऊदी प्रो लीग रोनाल्डो को खोना नहीं चाहती और गर्मियों में बड़े निवेश का वादा किया गया है, जिसमें पुर्तगाल के स्टार ब्रूनो फर्नांडेज का नाम भी शामिल है।





